![]()
भारत और न्यूजीलैंड के बीच आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी फाइनल के शुरू होने में अब 24 घंटे से भी कम का समय बचा है. लेकिन, इससे पहले भारतीय क्रिकेट टीम को एक बड़ा झटका लगा है. फाइनल मैच से पहले अभ्यास करते हुए टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली चोटिल हो गए हैं. महामुकाबले से पहले ‘रन मशीन’ के चोटिल होने से टीम इंडिया के फैंस डर गए हैं. अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि विराट रविवार को फाइनल मैच में खेलेंगे या नहीं?
फाइनल से पहले विराट कोहली हुए चोटिल
जियो न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, भारत के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली को न्यूजीलैंड के खिलाफ चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल से पहले अंतिम अभ्यास के दौरान चोट लग गई है. रविवार, 9 मार्च को दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खिताबी मुकाबला खेला जाएगा लेकिन 36 वर्षीय बल्लेबाज को नेट्स में एक तेज गेंदबाज का सामना करते समय घुटने के पास चोट लग गई है.
फिजियो ने किया इलाज
घुटने के पास चोट लगने के बाद विराट ने अभ्यास को बीच में छोड़ दिया था. टीम इंडिया के फिजियो स्टाफ ने उनका तुरंत इलाज किया. फिजियो स्टाफ ने चोटिल हिस्से पर स्प्रे लगाया और पट्टी बांधी. चोट लगने के बावजूद कोहली मैदान पर ही अन्य खिलाड़ियों को अभ्यास करते हुए देखते रहे और सपोर्ट स्टाफ को अपनी स्थिति के बारे में आश्वस्त करते दिखे.
विराट की चोट कितनी गंभीर?
बाद में कोच स्टाफ ने साफ किया कि फाइनल से ठीक एक दिन पहले कोहली की चोट गंभीर नहीं है और वह न्यूजीलैंड के खिलाफ खेलने के लिए फिट हो जाएंगे. टीम इंडिया के फैंस जानते हैं कि न्यूजीलैंड के खिलाफ कल होने वाले मुकाबले को जीतने के लिए विराट कोहली का खेलना कितना अहम है.
चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में विराट का प्रदर्शन
मौजूदा चैंपियंस ट्रॉफी में विराट कोहली प्रदर्शन शानदार रहा है. विराट ने 4 पारियों में 72.33 के प्रभावशाली औसत और 83.14 के स्ट्राइक रेट के साथ कुल 217 रन बनाए हैं. उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ बेहतरीन शतक था और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सेमीफाइनल में 84 रनों की मैच जिताऊ पारी खेली थी. विराट अभी तक भारत के शीर्ष स्कोरर हैं और टूर्नामेंट में चौथे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं.
कैसी होगी भारत की प्लेइंग-11?
न्यूजीलैंड के खिलाफ चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में भारत 4 स्पिनरों और 2 तेज गेंदबाजों के अपने पसंदीदा संयोजन के साथ मैदान पर उतर सकता है. टीम इंडिया की ग्रुप स्टेज मैच में न्यूजीलैंड को हराने वाली प्लेइंग-11 के साथ ही खेलने की संभावना है.
चैंपियंस ट्रॉफी फाइनल के लिए टीम इंडिया की संभावित प्लेइंग 11
रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या, अक्षर पटेल, रवींद्र जडेजा, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव, मोहम्मद शमी.


