Wednesday, August 19, 2026

Chaibasa News: बारिश के बीच जलजमाव वाले इलाकों का डीसी ने किया निरीक्षण, अधिकारियों को सतर्क रहने का निर्देश.

Share

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले में लगातार हो रही बारिश को देखते हुए प्रशासन ने जलजमाव और जल निकासी की स्थिति पर निगरानी बढ़ा दी है। मंगलवार देर शाम उपायुक्त मनीष कुमार ने चाईबासा नगर परिषद क्षेत्र के कई जलजमाव प्रभावित इलाकों का दौरा कर हालात का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान डीसी ने जलजमाव के कारण लोगों को हो रही परेशानियों, नालियों एवं जल निकासी की व्यवस्था तथा प्रभावित परिवारों को मिल रही सहायता की जानकारी संबंधित अधिकारियों से ली।

जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश

उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जलजमाव वाले क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जाए और पानी की निकासी की व्यवस्था प्रभावी बनी रहे। उन्होंने बारिश के दौरान किसी भी तरह की समस्या सामने आने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

प्रशासन की ओर से प्रभावित इलाकों में आवश्यक सुविधाओं और राहत व्यवस्था की भी जानकारी ली गई।

अमला टोला में क्षतिग्रस्त मकान का जायजा

डीसी ने अमला टोला पहुंचकर जलजमाव के कारण क्षतिग्रस्त हुए एक मकान का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रभावित परिवार से बातचीत कर स्थिति की जानकारी ली। इसके बाद संबंधित अधिकारियों को परिवार की जरूरत के अनुसार आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

उपायुक्त ने स्थानीय लोगों से भी बातचीत की और जलजमाव की समस्या के स्थायी समाधान पर चर्चा की। उन्होंने इलाके में बेहतर जल निकासी व्यवस्था विकसित करने की संभावनाओं पर भी अधिकारियों के साथ विचार-विमर्श किया।

अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

निरीक्षण के दौरान सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार, चाईबासा नगर परिषद अध्यक्ष नितिन प्रकाश, सदर चाईबासा अंचल अधिकारी उपेंद्र कुमार, नगर परिषद उपाध्यक्ष विकास शर्मा, कार्यपालक पदाधिकारी संतोषनी मुर्मू समेत संबंधित अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

जिला प्रशासन का कहना है कि लगातार बारिश को देखते हुए संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी जारी रखी जाएगी और जलजमाव से प्रभावित लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

Read more

Local News