अगर आप डिज़ाइनिंग, फोटो एडिटिंग, वीडियो एडिटिंग जैसे काम करते हैं तो आपने कैनवा (Canva) का नाम जरूर सुना होगा. इस प्लेटफॉर्म पर दुनियाभर के कई लोग रोज डिज़ाइनिंग का काम करते हैं. अब इस कंपनी ने अपने प्लेटफॉर्म में ऑफनलाइन मोड फीचर भी जोड़ दिया है. अभी तक कैनवा का इस्तेमाल करने के लिए लोगों को इंटरनेट कनेक्शन की जरूरत पड़ती थी. इंटरनेट के बिना वो डिज़ाइनिंग का काम नहीं कर पाते थे, लेकिन कैनवा ने इस समस्या को आज खत्म कर दिया है.
कंपनी ने 10 जून 2026 यानी आज ही प्रेस नोट के जरिए जानकारी दी उसने Canva Offline नाम का एक नया फीचर रोलआउट करने का ऐलान किया है. यह फीचर यूजर्स को बिना इंटरनेट के भी अपने डिजाइन प्रोजेक्ट्स पर काम जारी रखने की सुविधा देता है. कंपनी ने खुद माना है कि यह उसके ग्लोबल यूजर कम्युनिटी की सबसे ज्यादा मांगी जाने वाली सुविधाओं में से एक थी.
कैनवा ऑफलाइन खासतौर पर उन लोगों के लिए बनाया गया है, जो हमेशा चलते-फिरते रहते हैं. आप इस नए फीचर की मदद से कभी भी डिज़ाइनिंग का काम कर सकते हैं और कहीं से भी कर सकते हैं और उसके लिए इंटरनेट कनेक्शन की भी जरूरत नहीं होगी.
आप चाहे ट्रेन में हो या मेट्रो में, क्लास के बीच का वक्त हो या कोई ऐसी जगह जहां नेटवर्क स्लो काम करता है, अब कैनवा वहां पर भी काम करेगा. यह फीचर मोबाइल-फर्स्ट यूजर्स, स्टूडेंट्स, टीचर्स, छोटे कारोबारियों और प्रोफेशनल्स सभी के लिए उपयोगी है. कंपनी ने इसे Canva Create इवेंट में पहले ही घोषित किया था और अब इसे आखिरकार यूजर्स तक पहुंचाया जा रहा है.
Canva Offline का इस्तेमाल कैसे करें?
इस फीचर का इस्तेमाल करना काफी आसान है. आपको बस अपना कोई भी डिज़ाइन खोलना है और उसमें “Make available offline” का विकल्प चुनना है. उसके बाद इंटरनेट न होने पर भी वो डिज़ाइन सपोर्टेड डिवाइस और फॉर्मेट पर एडिट होता रहेगा. उसके बाद जैसे ही कनेक्शन वापस आएगा, ऑफलाइन में किए गए सभी बदलाव अपने-आप सिंक हो जाएंगे. इसका मतलब है कि ऑफलाइन से ऑनलाइन में स्चिव होने पर भी किसी काम के खोने का कोई डर नहीं होगा.
कंपनी ने बताया कि इंटरनेट बंद होने के बाद यूजर्स लगातार 14 दिनों तक बिना किसी रुकावट के अपने प्रोजेक्ट्स पर काम कर सकते हैं. सबसे अच्छी बात यह है कि यह फीचर सभी कैनवा यूज़र्स के लिए बिल्कुल मुफ्त में उपलब्ध है. इसके लिए अलग से एक भी रुपया खर्च नहीं करना होगा.
कैनवा के ग्लोबल हेड ऑफ प्रोडक्ट रॉब कवाल्सकी ने भारत का खास जिक्र करते हुए कहा कि यह फीचर भारत जैसे मोबाइल-फर्स्ट मार्केट को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है, जहां लोग हमेशा चलते-फिरते आइडियाज़ से भरे होचे हैं.
गौरतलब है कि कैनवा ने हाल ही में Google Gemini के लिए Canva Connected App भी लॉन्च किया है. इस इंटीग्रेशन के जरिए जेमिनी में बने डिजाइन सीधे Canva Editor में एडिट किए जा सकते हैं और टीम के साथियों को आसानी से सौंपे जा सकते हैं.
इसके अलावा गूगल का Nano Banana इमेज जनरेशन मॉडल भी Canva के Magic Layers फीचर में जोड़ा गया है. यानी Canva सिर्फ ऑफलाइन नहीं, बल्कि AI फीचर्स के मामले में भी तेजी से आगे बढ़ रहा है.


