बोकारो: मोहन कुमार मंगलम स्टेडियम में द्वितीय एनटीपीसी नेशनल आर्चरी प्रतियोगिता का आयोजन 18 से 26 अगस्त तक किया जाएगा। प्रतियोगिता को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। झारखंड तीरंदाजी संघ के मार्गदर्शन में होने वाली इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश के विभिन्न हिस्सों से करीब 1000 खिलाड़ी और तकनीकी अधिकारी शामिल होंगे।
ओलंपियन और अनुभवी खिलाड़ी भी होंगे शामिल
राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में ओलंपिक में हिस्सा ले चुके तीरंदाजों के साथ अर्जुन पुरस्कार प्राप्त खिलाड़ी, द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित प्रशिक्षक और अनुभवी कोच भी पहुंचेंगे। इससे बोकारो के खेल प्रेमियों को देश के शीर्ष तीरंदाजों और विशेषज्ञों को करीब से देखने का अवसर मिलेगा।
अर्जुन मुंडा बने मुख्य संरक्षक
आयोजन की जिम्मेदारी के लिए विभिन्न पदाधिकारियों को दायित्व सौंपा गया है। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा को प्रतियोगिता का मुख्य संरक्षक बनाया गया है। वहीं पूर्व विधायक डॉ. लम्बोदर महतो को आयोजन सचिव की जिम्मेदारी दी गई है।
बोकारो जिला तीरंदाजी संघ की सचिव एंजेला सिंह और कोषाध्यक्ष सह राष्ट्रीय प्रशिक्षक करण कुमार कर्मकार समेत संघ के पदाधिकारी एवं समिति सदस्य आयोजन की तैयारियों में जुटे हैं।
अलग-अलग जिम्मेदारियों के लिए बनीं उप-समितियां
प्रतियोगिता को व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए झारखंड तीरंदाजी संघ की ओर से कई उप-समितियों का गठन किया गया है। इन समितियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं और तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
खिलाड़ियों और टीमों की सुरक्षा, चिकित्सा व्यवस्था, आवागमन, आवास और भोजन के अलावा मैदान की तैयारी, तकनीकी प्रबंधन और स्कोरिंग की जिम्मेदारी अलग-अलग समितियां संभालेंगी। इसके साथ ही रिसेप्शन, प्रचार-प्रसार, मीडिया समन्वय, डॉक्यूमेंटेशन, परिणाम, उद्घोषणा और पुरस्कार वितरण के लिए भी विशेष टीमें बनाई गई हैं।
आयोजकों के अनुसार, प्रतियोगिता को सफल बनाने के लिए सभी व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने पर जोर दिया जा रहा है।
