Tuesday, October 27, 2026

BMW iX4 इलेक्ट्रिक SUV से उठा पर्दा, 603hp पावर और 777km तक की रेंज.

Share

नई दिल्ली, 8 अक्टूबर 2026: लग्जरी कार निर्माता BMW ने अपनी नई इलेक्ट्रिक कूपे SUV BMW iX4 को ग्लोबल मार्केट के लिए पेश कर दिया है। यह कंपनी की Neue Klasse इलेक्ट्रिक कारों की अगली कड़ी है और BMW iX3 पर आधारित कूपे स्टाइल मॉडल है। कंपनी इसे मार्च 2027 में अंतरराष्ट्रीय बाजारों में लॉन्च करेगी।

शुरुआत में iX4 को 40 xDrive और 50 xDrive वेरिएंट में उतारा जाएगा। इसके बाद ज्यादा पावरफुल M60 xDrive को लाइनअप में शामिल किया जाएगा।

कूपे डिजाइन के साथ स्पोर्टी लुक

BMW iX4 की लंबाई 4,782mm, चौड़ाई 1,895mm, ऊंचाई 1,595mm और व्हीलबेस 2,897mm है। इसकी रूफलाइन iX3 की तुलना में ज्यादा ढलान वाली है, जिससे इसे कूपे SUV जैसा लुक मिलता है।

कार में 20-इंच के व्हील स्टैंडर्ड दिए गए हैं, जबकि ग्राहक इन्हें 22-इंच तक अपग्रेड कर सकते हैं। पीछे की तरफ नए टेल-लैंप, स्पॉयलर और डिजाइन किया गया बंपर मिलता है।

M60 xDrive में M बैजिंग, बड़े अलॉय व्हील, ब्लैक एक्सटीरियर ट्रिम, खास ORVM हाउसिंग और बड़ा रियर स्पॉयलर जैसे स्पोर्टी एलिमेंट दिए गए हैं।

केबिन में 17.9-इंच स्क्रीन

iX4 का इंटीरियर काफी हद तक iX3 से प्रेरित है। हालांकि, कूपे रूफलाइन के कारण पीछे बैठने वाले यात्रियों को हेडरूम कुछ कम मिल सकता है। इसका बूट स्पेस 490 लीटर है।

डैशबोर्ड पर 17.9-इंच की सेंटर टचस्क्रीन दी गई है। इसके अलावा पिलर-टू-पिलर पैनोरमिक विजन डिस्प्ले, फोर-स्पोक स्टीयरिंग और डिजिटल-कनेक्टेड फीचर्स मिलते हैं।

स्टैंडर्ड फीचर्स में पैनोरमिक सनरूफ, वायरलेस Apple CarPlay और Android Auto, पावर्ड मेमोरी फ्रंट सीट्स, लेवल-2 ADAS, वायरलेस चार्जिंग, 7-स्पीकर ऑडियो सिस्टम और AI आधारित डिजिटल असिस्टेंट शामिल हैं।

M60 xDrive में M-स्पेक स्टीयरिंग, मसाज फंक्शन वाली स्पोर्ट्स सीट्स और 13-स्पीकर Harman Kardon ऑडियो सिस्टम जैसे अतिरिक्त फीचर्स मिलेंगे।

603hp तक की पावर

BMW iX4 को 800-वोल्ट Neue Klasse आर्किटेक्चर पर तैयार किया गया है। इसके तीनों वेरिएंट में डुअल-मोटर ऑल-व्हील ड्राइव सेटअप दिया गया है।

  • iX4 40 xDrive: 374hp, 520Nm, 0-100km/h में 5.6 सेकंड
  • iX4 50 xDrive: 469hp, 645Nm, 0-100km/h में 4.9 सेकंड
  • iX4 M60 xDrive: 603hp, 875Nm, 0-100km/h में 3.9 सेकंड

40 xDrive की टॉप स्पीड 200km/h, 50 xDrive की 210km/h और M60 xDrive की 240km/h बताई गई है। M60 में अडैप्टिव स्पोर्ट्स सस्पेंशन स्टैंडर्ड है, जबकि बाकी वेरिएंट में इसे विकल्प के तौर पर लिया जा सकता है।

828km तक की रेंज

BMW iX4 40 xDrive में 82.6kWh बैटरी पैक दिया गया है। इसकी WLTP रेंज 526 से 638km के बीच बताई गई है।

50 xDrive में बड़ी 108.7kWh बैटरी मिलती है, जिसकी WLTP रेंज 680 से 828km तक है। वहीं M60 xDrive में भी इसी क्षमता की बैटरी मिलने की संभावना है, लेकिन ज्यादा परफॉर्मेंस के कारण इसकी अधिकतम WLTP रेंज करीब 777km हो सकती है।

400kW तक फास्ट चार्जिंग

चार्जिंग के लिए BMW iX4 में 22kW तक AC चार्जिंग सपोर्ट मिलता है। DC फास्ट चार्जिंग क्षमता 40 xDrive में 300kW और 50 xDrive में 400kW तक है।

कंपनी के मुताबिक दोनों वेरिएंट को DC फास्ट चार्जर से 10 से 80 प्रतिशत तक चार्ज करने में करीब 21 मिनट लगते हैं। 10 मिनट की हाई-पावर चार्जिंग से 40 xDrive में 301km और 50 xDrive में 387km तक की अतिरिक्त रेंज मिल सकती है।

BMW iX4 की कीमत और भारत में लॉन्च को लेकर अभी कंपनी की ओर से आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

BHARATSUPERFASTNEWS

Read more

Local News