Monday, September 21, 2026

Bihar Weather: बारिश का अलर्ट नहीं फिर भी कई जिलों में बरसे बादल, मानसून में 37% की कमी.

Share

पटना: बिहार में मानसून की गतिविधियां फिलहाल कमजोर बनी हुई हैं। मौसम विज्ञान केंद्र ने सोमवार के लिए राज्य में बारिश का कोई अलर्ट जारी नहीं किया है, हालांकि मंगलवार को कुछ जिलों में बारिश और 24 सितंबर के आसपास मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। दूसरी ओर, राज्य में इस मानसून अब तक सामान्य से करीब 37 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई है। बारिश की कमी के बीच कई इलाकों में तापमान और उमस बढ़ रही है।

अलर्ट नहीं, फिर भी कई जिलों में हुई बारिश

रविवार को भी राज्य के लिए कोई विशेष बारिश की चेतावनी नहीं थी, लेकिन कई इलाकों में अचानक मौसम बदला और बारिश हुई। पटना, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, सुपौल और बांका में बारिश दर्ज की गई। खगड़िया में दिनभर बादल छाए रहे।

बांका के बाराहाट थाना क्षेत्र में आकाशीय बिजली गिरने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हुए। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक 24 सितंबर के आसपास बिहार के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं।

डेहरी में 21.6 मिमी बारिश

पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य में बारिश की गति धीमी रही। रोहतास के डेहरी में सर्वाधिक 21.6 मिमी बारिश दर्ज की गई। पटना के कुछ हिस्सों में भी हल्की से मध्यम बारिश हुई।

अन्य स्थानों पर दर्ज बारिश में वैशाली 21.4 मिमी, भभुआ 18.6 मिमी, मटियानी 15.6 मिमी, चकाई 14.2 मिमी, गया 13 मिमी, सिकटा 12.6 मिमी, गर्खा 8.4 मिमी, दुल्हिन बाजार 8.2 मिमी और कुरथा 8 मिमी शामिल हैं। मनेर में 2.4 मिमी तथा बिहटा में 2.2 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।

पटना में 35 डिग्री तक पहुंच सकता है तापमान

पटना में सोमवार सुबह आसमान में बादल छाए रहे। मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार सोमवार और मंगलवार को अधिकतम तापमान करीब 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 28 डिग्री के आसपास रह सकता है।

23 सितंबर को भी अधिकतम तापमान 35 और न्यूनतम 27 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है। इसके बाद 24 सितंबर को आंशिक बादल छाने तथा कुछ स्थानों पर बारिश या गरज के साथ बौछार पड़ने की संभावना है। बारिश होने पर अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री तक आ सकता है।

मानसून सीजन में 37% बारिश की कमी

बिहार में इस मानसून अब तक 586.3 मिमी बारिश हुई है, जबकि इस अवधि में सामान्य बारिश का आंकड़ा 925.5 मिमी होना चाहिए था। इस हिसाब से राज्य में बारिश सामान्य से करीब 37 फीसदी कम है।

कुछ जिलों में कमी बेहद ज्यादा है। जहानाबाद में 2.4 मिमी बारिश दर्ज हुई, जो सामान्य से 97 फीसदी कम है। भोजपुर में महज 0.2 मिमी बारिश हुई और कमी 98 फीसदी रही। रोहतास में 72 फीसदी तथा अरवल में 63 फीसदी बारिश की कमी दर्ज की गई।

सीतामढ़ी में 93 फीसदी, पटना में 90 फीसदी, पश्चिम चंपारण में 88 फीसदी और गया में 85 फीसदी की कमी बताई गई है। सारण और जमुई में 79 फीसदी तथा वैशाली में 67 फीसदी कम बारिश हुई है। इसके अलावा पूर्वी चंपारण, मुजफ्फरपुर, भागलपुर, पूर्णिया और कटिहार समेत कई जिलों में भी बारिश सामान्य से काफी नीचे है।

बारिश की कमी से बढ़ी गर्मी और उमस

कम बारिश का असर तापमान पर भी नजर आ रहा है। रविवार को कैमूर सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 38.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मोतिहारी में 36.5 डिग्री, दरभंगा में 35.3 डिग्री और पटना में 35.2 डिग्री तापमान रहा।

भागलपुर में अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री, वैशाली में 34.5 डिग्री और समस्तीपुर में 34.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम में नमी और बारिश की कमी के कारण कई इलाकों में गर्मी के साथ उमस भी महसूस की जा रही है।

Read more

Local News