पटना: बिहार में जमीन से जुड़े रिकॉर्ड की निगरानी अब पहले के मुकाबले आसान होने वाली है। राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने बिहार भूमि पोर्टल पर SMS अलर्ट सेवा उपलब्ध कराई है। इसके तहत जमीन की जमाबंदी या प्लॉट को मोबाइल नंबर से लिंक करने के बाद रिकॉर्ड में होने वाली महत्वपूर्ण गतिविधियों की जानकारी SMS के जरिए मिल सकेगी।
जमाबंदी से मोबाइल नंबर जोड़ना होगा
SMS अलर्ट का लाभ लेने के लिए जमीन मालिक को अपनी जमाबंदी या संबंधित प्लॉट के साथ मोबाइल नंबर लिंक करना होगा। मोबाइल नंबर दर्ज करने के बाद OTP के माध्यम से उसका सत्यापन किया जाएगा। सत्यापन पूरा होते ही अलर्ट सेवा सक्रिय हो जाएगी।
इसके बाद जमीन के रिकॉर्ड में होने वाली निर्धारित प्रक्रियाओं की जानकारी संबंधित मोबाइल नंबर पर भेजी जा सकेगी। बिहार भूमि पोर्टल पर जमाबंदी के लिए SMS अलर्ट लेने का विकल्प ऑनलाइन उपलब्ध है।
दाखिल-खारिज की प्रक्रिया की भी मिलेगी सूचना
नई सुविधा के तहत जमीन से जुड़े दाखिल-खारिज की प्रक्रिया शुरू होने या पूरी होने की जानकारी SMS के माध्यम से मिल सकती है। इससे जमीन मालिक को अपने रिकॉर्ड में चल रही प्रक्रिया की जानकारी समय पर मिल सकेगी।
इसी तरह परिमार्जन प्लस के माध्यम से रिकॉर्ड में सुधार की कार्रवाई शुरू होने और उसके पूरा होने से जुड़ी जानकारी भी मोबाइल पर भेजी जाएगी। पोर्टल पर दाखिल-खारिज और परिमार्जन प्लस की ऑनलाइन सेवाओं के साथ आवेदन की स्थिति देखने की सुविधा भी मौजूद है।
SMS अलर्ट सेवा कैसे करें एक्टिव?
जमीन मालिक को बिहार भूमि पोर्टल पर जाकर ‘SMS अलर्ट सेवा प्राप्त करें’ विकल्प का चयन करना होगा। इसके बाद संबंधित जमाबंदी या प्लॉट का विवरण चुनकर मोबाइल नंबर दर्ज करना होगा। मोबाइल पर प्राप्त OTP डालकर नंबर का सत्यापन करना होगा।
सत्यापन के बाद SMS अलर्ट सुविधा शुरू हो जाएगी। विभाग की ओर से राजस्व कर्मियों के माध्यम से भी जमीन मालिकों के मोबाइल नंबर दर्ज कराने की प्रक्रिया कराई जा रही है।
दूर रहने वाले जमीन मालिकों को होगा फायदा
SMS अलर्ट सुविधा का उद्देश्य जमीन के रिकॉर्ड में होने वाली गतिविधियों की जानकारी संबंधित भू-धारी तक समय पर पहुंचाना है। यह सुविधा खास तौर पर उन लोगों के लिए उपयोगी हो सकती है, जो अपनी जमीन से दूर रहते हैं या हर काम के लिए राजस्व कार्यालय नहीं जा सकते।
अब जमाबंदी से संबंधित महत्वपूर्ण प्रक्रियाओं पर नजर रखने के लिए उन्हें लगातार कार्यालय के चक्कर लगाने की जरूरत कम हो सकती है। बिहार भूमि पोर्टल पर SMS अलर्ट के अलावा मोबाइल और आधार सीडिंग की स्थिति जांचने की सुविधा भी उपलब्ध है।
