प्रदेश में मानसून के आने से मौसम में बदलाव आया है। पटना समेत कई जिलों में बादल छाए रहे और कुछ जगहों पर बारिश हुई जिससे गर्मी से राहत मिली। अगले 48 घंटों में मानसून पूरी तरह से सक्रिय हो जाएगा। नवादा गया और पश्चिम चंपारण में भारी वर्षा की चेतावनी जारी की गई है। तापमान में भी गिरावट का अनुमान है।
पटना। प्रदेश में दक्षिण पश्चिम मानसून के आगमन के साथ मौसम में बदलाव आया है। पटना सहित सभी जिलों में आंशिक रूप से बादल छाए रहने के साथ कई जिलों में तेज वर्षा तो कहीं मध्यम दर्जे की वर्षा होने से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली है।
48 घंटों के दौरान मानसून प्रदेश में पूर्ण रूप से सक्रिय हो जाएगा। मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार मानसून रोहतास, गया, कैमूर, नवादा, सुपौल और मुंगेर में प्रवेश कर गया है।
हो सकती है भारी वर्षा
जबकि राजधानी के पूर्वी छोर पर मानसून दस्तक देने के साथ अगले 24-48 घंटों के दौरान प्रवेश करने के साथ सक्रिय हो जाएगा। मानसून की सक्रियता बने होने के कारण नवादा, गया और पश्चिम चंपारण में अति भारी वर्षा को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
जबकि कैमूर, रोहतास और औरंगाबाद में भारी वर्षा को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। इन स्थानों पर 40-50 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार के साथ तेज हवा चलने की संभावना है।
पटना सहित शेष भागों के कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा एवं छिटपुट वर्षा के साथ बिजली गिरने की भी संभावना है। तीन से चार दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में दो से चार डिग्री की गिरावट का पूर्वानुमान है।
इन जिलों में हुई बारिश
मानसून आगमन के साथ गया, औरंगाबाद, भभुआ, नालंदा, रोहतास, बक्सर, नालंदा, पश्चिम चंपारण के अलग-अलग भागों में झमाझम वर्षा हुई। गया जिले के अलग-अलग जगहों पर वर्षा दर्ज की गई। गया के डोभी में सर्वाधिक वर्षा 105 मिमी दर्ज हुई।
जबकि बुधवार को पटना में 1.2 मिमी एवं गया में 37.8 मिमी वर्षा दर्ज की गई। बुधवार को राजधानी के अधिकतम तापमान में 1.3 डिग्री गिरावट के साथ 36.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि 38.6 डिग्री सेल्सियस के साथ गोपालगंज में प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान दर्ज किया गया।
इन स्थानों पर दर्ज हुई वर्षा :
- औरंगाबाद के नवीनगर में 74.2 मिमी
- बोधगया में 70.4 मिमी
- गया के परैया में 65.4 मिमी
- भभुआ के अधवारा में 62.6 मिमी
- गया शहर में 59. 2 मिमी
- गया के डुमरिया में 56.6 मिमी
- गया के बाराचट्टी में 52.8 मिमी
- गया के शेरघाटी में 52.4 मिमी
- लखीसराय के सूर्यगढ़ा में 42.2 मिमी
- बांका के बौसी में 38.2 मिमी
- रोहतास के नौखा में 38.1 मिमी
- नालंदा के थरथरी में 37.2 मिमी
- गया के इमामगंज में 36.2 मिमी
- रोहतास के डेहरी में 35.8 मिमी
- मधुबनी में 33.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
प्रमुख शहरों का तापमान
पटना का अधिकतम तापमान 36.0 डिग्री सेल्सियल तथा न्यूनतम 28.7 डिग्री सेल्सियस रहा। गया का अधिकतम तापमान 32.8 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 25.0 डिग्री सेल्सियस रहा।
वहीं, भागलपुर का अधिकतम तापमान 31.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 26.8 डिग्री सेल्सियस रहा। मुजफ्फरपुर का अधिकतम तापमान 34.4 तथा न्यूनतम तापमान 27.8 डिग्री सेल्सियस रहा।


