बरेली। प्रयागराज महाकुंभ के लिए परिक्षेत्र के बरेली, रुहेलखंड, बदायूं और पीलीभीत डिपो ने सोमवार से सीधी बस सेवा शुरू कर दी। महाकुंभ में पहला शाही स्नान मंगलवार पौष पूर्णिमा और दूसरा बुधवार को मकर संक्रांति पर है। सोमवार को बरेली और डिपो की पांच-पांच, पीलीभीत और बदायूं डिपो की तीन-तीन रोडवेज बसें प्रयागराज रवाना हुईं। आरएम कार्यालय में कंट्रोल रूम भी स्थापित कर दिया गया। परिक्षेत्र के चारों डिपो की 430 बसों का आवंटन प्रयागराज कुंभ के लिए किया गया है। इनमें काफी संख्या में बसों का संचालन प्रयागराज में शटल सेवा के रूप में भी होना है। 32 बसों को नियमित सेवा में चलाया गया है। चारों डिपो से 16 बसें रोजाना प्रयागराज जाएंगी और 16 बसें ही प्रयागराज से वापस आएंगी। सोमवार से शटल सेवा के लिए भी बसों की रवानगी शुरू हो गई। शटर सेवा और नियमित सेवा 45 दिन तक जारी रहेगी। आरएम दीपक चौधरी ने बताया कि बसों के संचालन की समयबद्धता को लेकर सभी प्रयास किए गए हैं। यात्रियों को बसों की लाइव लोकेशन भी मिल सकेगी।



