रांची: Asansol Division में सिग्नलिंग सिस्टम के रखरखाव से जुड़े कार्य के कारण 15 और 16 सितंबर को रेल यातायात प्रभावित रहेगा। मुगमा और कालूबथान स्टेशनों के बीच करीब 7 घंटे का नॉन-इंटरलॉक कार्य किया जाना है। इसके चलते कुछ ट्रेनों को रद्द किया गया है, जबकि कुछ ट्रेनों के परिचालन में आंशिक बदलाव और देरी की सूचना है।
आसनसोल-गया एक्सप्रेस और MEMU रद्द
रेल परिचालन में किए जा रहे बदलाव के तहत 13545/13546 आसनसोल-गया-आसनसोल एक्सप्रेस दोनों दिनों में नहीं चलेगी। इसी तरह 63555/63556 आसनसोल-बरकाकाना-आसनसोल MEMU का परिचालन भी 15 और 16 सितंबर को रद्द रहेगा।
बर्द्धमान-हटिया एक्सप्रेस आसनसोल तक ही चलेगी
13503/13504 बर्द्धमान-हटिया-बर्द्धमान एक्सप्रेस भी इन दोनों तारीखों में अपने नियमित मार्ग पर पूरी तरह नहीं चलेगी। ट्रेन आसनसोल तक ही संचालित होगी और वहीं से वापस लौटेगी।
कई ट्रेनों के समय में भी बदलाव
मेंटेनेंस कार्य का असर लंबी दूरी की कुछ ट्रेनों पर भी पड़ेगा। निर्धारित जानकारी के अनुसार:
- 12357 कोलकाता-अमृतसर एक्सप्रेस 15 सितंबर को 60 मिनट की देरी से चलेगी।
- 13151 कोलकाता-जम्मू तवी एक्सप्रेस 15 सितंबर को 50 मिनट और 16 सितंबर को 30 मिनट देर से चलेगी।
- 17008 दरभंगा-चार्लापल्ली एक्सप्रेस 15 सितंबर को 90 मिनट की देरी से संचालित होगी।
- 13332 पटना-धनबाद इंटरसिटी एक्सप्रेस 15 सितंबर को 75 मिनट देर से चलेगी।
रेलवे के इस परिचालन बदलाव का उद्देश्य मुगमा-कालूबथान रेलखंड पर सिग्नलिंग से संबंधित आवश्यक रखरखाव कार्य को पूरा करना है। यात्रियों को इन तारीखों में यात्रा से पहले अपनी ट्रेन के संचालन और समय की जानकारी जांच लेने की सलाह दी जाती है।
