जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा प्रखंड स्थित सांड्रा पंचायत में गुरुवार को भूमिसुधार उप-समाहर्ता (DCLR) नितिन निखिल सुरीन ने विभिन्न सरकारी योजनाओं और संस्थानों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पंचायत क्षेत्र में संचालित सेवाओं की गुणवत्ता और कार्यप्रणाली का आकलन किया।
निरीक्षण के दौरान डीसीएलआर ने जांझीया आंगनवाड़ी केंद्र, सार्वजनिक वितरण प्रणाली (राशन) की दुकान, मध्य विद्यालय आडंग, सांड्रा स्वास्थ्य केंद्र, 15वें वित्त आयोग से संचालित विकास कार्यों तथा पंचायत भवन का दौरा किया। उनके साथ प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) केशव भारती, अंचल अधिकारी (सीओ) राजाराम मुंडा और अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे।
अधिकारियों ने आंगनवाड़ी केंद्र में बच्चों की उपस्थिति, पोषण आहार वितरण और अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की। राशन दुकान पर खाद्यान्न उपलब्धता, वितरण प्रणाली और पारदर्शिता की जांच की गई। वहीं विद्यालय में शिक्षकों की उपस्थिति, पठन-पाठन की स्थिति और मध्याह्न भोजन योजना के संचालन का भी निरीक्षण किया गया।
इसके अलावा पंचायत भवन में प्रशासनिक कार्यों और आम नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की भी समीक्षा की गई। 15वें वित्त आयोग की योजनाओं के तहत किए जा रहे विकास कार्यों की प्रगति का भी जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान अधिकांश व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं, जिस पर डीसीएलआर ने संतोष व्यक्त किया। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, आंगनवाड़ी कर्मी, राशन विक्रेता, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा प्रखंड प्रशासन के अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
