चाईबासा: कोल्हान विश्वविद्यालय ने स्नातक (UG) सत्र 2026-30 और स्नातक व्यावसायिक (Vocational) सत्र 2026-29 के प्रथम सेमेस्टर में नामांकन के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया की घोषणा कर दी है। विश्वविद्यालय के अनुसार, 20 जुलाई दोपहर 12 बजे से 26 जुलाई शाम 5 बजे तक अभ्यर्थी चांसलर पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकेंगे।
विश्वविद्यालय की ओर से जारी कार्यक्रम के मुताबिक, 28 जुलाई को मेरिट सूची संबंधित कॉलेजों की वेबसाइट और नोटिस बोर्ड पर प्रकाशित की जाएगी। चयनित विद्यार्थियों का नामांकन 28 जुलाई से 1 अगस्त तक होगा, जबकि नए शैक्षणिक सत्र की कक्षाएं 3 अगस्त से शुरू होंगी।
आवेदन शुल्क और आवश्यक दस्तावेज
ऑनलाइन आवेदन के लिए प्रति विषय 25 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। सभी आवेदन केवल चांसलर पोर्टल के माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे।
इस वर्ष से आवेदन करने वाले विद्यार्थियों के लिए APAAR ID और ABC (Academic Bank of Credits) ID अनिवार्य कर दी गई है। विश्वविद्यालय ने अभ्यर्थियों को आवेदन से पहले डिजिलॉकर के माध्यम से दोनों आईडी तैयार करने की सलाह दी है।
लाइफ साइंस विषय की शुरुआत
राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP-2020) के अनुरूप इस शैक्षणिक सत्र से बॉटनी और जूलॉजी की जगह लाइफ साइंस विषय पढ़ाया जाएगा। इसके अलावा विद्यार्थियों को एक से अधिक विषयों में आवेदन करने की सुविधा भी दी गई है, ताकि सीमित सीटों के कारण योग्य अभ्यर्थी प्रवेश से वंचित न रहें।
आरक्षण से जुड़े प्रमाण-पत्र आवश्यक
अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST), पिछड़ा वर्ग (OBC) तथा आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के अभ्यर्थियों को राज्य सरकार के नियमों के अनुसार जाति, आवासीय और आय प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करना होगा।
आवेदन में सावधानी बरतने की सलाह
विश्वविद्यालय प्रशासन ने विद्यार्थियों से आवेदन पत्र भरते समय सभी जानकारियां और दस्तावेज सही ढंग से अपलोड करने की अपील की है। दस्तावेज सत्यापन के दौरान किसी भी प्रकार की गलत या भ्रामक जानकारी मिलने पर प्रवेश रद्द किया जा सकता है।
कुलपति प्रो. (डॉ.) अंजिला गुप्ता ने कहा कि विश्वविद्यालय पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण और छात्र-केंद्रित प्रवेश प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने अभ्यर्थियों से निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन करने और सभी आवश्यक दस्तावेज सावधानीपूर्वक अपलोड करने का आग्रह किया, ताकि नामांकन प्रक्रिया समय पर पूरी की जा सके।


