देवघर: बाबा बैद्यनाथ धाम नगरी देवघर के आधारभूत विकास को गति देने के उद्देश्य से नगर निगम ने केंद्र सरकार के समक्ष विशेष सहायता की मांग उठाई है। इसी क्रम में देवघर के मेयर रवि राउत ने नई दिल्ली में केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर से मुलाकात कर शहर के लिए विशेष वित्तीय पैकेज उपलब्ध कराने का आग्रह किया।
मुलाकात के दौरान मेयर ने केंद्रीय मंत्री को बाबा बैद्यनाथ धाम के शिवलिंग का एक स्मृति-चिह्न भेंट किया और शहर की प्रमुख नागरिक समस्याओं से अवगत कराया। उन्होंने पेयजल आपूर्ति, सीवरेज नेटवर्क, जलजमाव, यातायात प्रबंधन, ठोस कचरा प्रबंधन और शहर के सौंदर्यीकरण जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। इसके साथ ही केंद्र प्रायोजित योजनाओं की लंबित राशि शीघ्र जारी करने का अनुरोध भी किया, ताकि विकास परियोजनाओं को गति मिल सके।
रवि राउत ने बताया कि देवघर देश के 12 ज्योतिर्लिंगों में शामिल बाबा बैद्यनाथ धाम का प्रमुख धार्मिक केंद्र है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। श्रावणी मेले के दौरान यह संख्या लाखों में होती है। ऐसे में शहर के बुनियादी ढांचे को राष्ट्रीय स्तर के धार्मिक पर्यटन केंद्र के अनुरूप विकसित करने के लिए केंद्र सरकार के सहयोग की आवश्यकता है।
मेयर ने कहा कि यदि देवघर को विशेष वित्तीय पैकेज मिलता है, तो शहर में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार और सौंदर्यीकरण कार्यों को नई गति मिलेगी। उन्होंने केंद्रीय मंत्री को श्रावणी मेला 2026 की तैयारियों की जानकारी भी दी और बताया कि नगर निगम श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न स्तरों पर कार्य कर रहा है।
गौरतलब है कि 19 जुलाई को ऑल इंडिया काउंसिल ऑफ मेयर के 11 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर से मुलाकात की थी। इस प्रतिनिधिमंडल में देवघर के मेयर रवि राउत भी शामिल थे। अब शहरवासियों की निगाह इस बात पर है कि इस पहल के बाद देवघर के विकास के लिए केंद्र सरकार की ओर से क्या निर्णय लिए जाते हैं।


