जादूगोड़ा: पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका प्रखंड स्थित डोमजूडी (जादूगोड़ा) गांव में भगवान जगन्नाथ महोत्सव के दूसरे दिन शुक्रवार को श्रद्धा और उत्साह का अनूठा संगम देखने को मिला। सार्वजनिक रथ यात्रा समिति के तत्वावधान में भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा की पारंपरिक रथयात्रा पूरे धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ निकाली गई। इस अवसर पर आसपास के कई गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
रथयात्रा के दौरान पूरे गांव में “जय जगन्नाथ” के जयघोष और पारंपरिक वाद्य यंत्रों की गूंज से भक्तिमय वातावरण बना रहा। रथ के दर्शन और उसे स्पर्श कर आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए हजारों श्रद्धालु सड़कों पर उमड़ पड़े। महिलाओं, पुरुषों और बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ इस धार्मिक आयोजन में भाग लिया।
उपमुखिया जय गोपाल दास ने बताया कि परंपरा के अनुसार भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा शुक्रवार को मदन मोहन मंदिर से अपनी मौसी बाड़ी, नवदीप दास के घर पहुंचे। आगामी आठ दिनों तक भगवान वहीं विराजमान रहेंगे, जहां प्रतिदिन विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि आठ दिवसीय प्रवास के बाद 25 जुलाई को ‘घुरती रथ यात्रा’ के माध्यम से भगवान पुनः हरि मोहन मंदिर लौटेंगे। इस धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में सार्वजनिक रथ यात्रा समिति के सदस्यों और ग्रामीणों ने सक्रिय योगदान दिया। आयोजन में नवदीप दास, विद्या दास, जय गोपाल दास, लखी दास, हरिहर दास, बबलू दास, श्रीकांत दास, जितेंद्र दास, प्रदीप दास सहित अनेक लोगों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


