Friday, July 17, 2026

भारत में प्लास्टिक नोटों की दिशा में बड़ा कदम, BRBNMPL ने जारी की वैश्विक निविदा

Share

मुंबई: भारत में भविष्य में पॉलिमर (प्लास्टिक) मुद्रा नोटों के इस्तेमाल की संभावनाओं को लेकर महत्वपूर्ण पहल की गई है। भारतीय रिजर्व बैंक की नोट मुद्रण इकाई भारतीय रिजर्व बैंक नोट मुद्रण प्राइवेट लिमिटेड (BRBNMPL) ने प्लास्टिक नोटों के निर्माण के लिए आवश्यक विशेष सामग्री की आपूर्ति हेतु अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट (EOI) आमंत्रित किया है।

प्रारंभिक योजना के तहत सबसे पहले ₹10 और ₹20 मूल्यवर्ग के पॉलिमर नोटों के उत्पादन पर विचार किया जा रहा है। यदि यह चरण सफल रहता है, तो भविष्य में अन्य मूल्यवर्ग के नोटों के लिए भी इसी प्रकार की सामग्री का उपयोग किया जा सकता है।

68 हजार रीम सामग्री की होगी खरीद

जारी निविदा के अनुसार, कुल 68,000 रीम विशेष पॉलिमर सामग्री की खरीद का प्रस्ताव है। इसे दो अलग-अलग मूल्यवर्ग के नोटों की छपाई के लिए 34,000-34,000 रीम में विभाजित किया जाएगा। प्रत्येक रीम में 500 विशेष शीट होंगी, जिन पर अत्याधुनिक सुरक्षा विशेषताओं वाली स्याही से नोट मुद्रित किए जाएंगे।

निविदा में सुरक्षा को दी गई सर्वोच्च प्राथमिकता

राष्ट्रीय सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए निविदा प्रक्रिया में कई कड़े प्रावधान शामिल किए गए हैं। इसके तहत चीन और पाकिस्तान से किसी भी प्रकार का कच्चा माल लेने वाली कंपनियां इस प्रक्रिया में भाग नहीं ले सकेंगी। साथ ही, ऐसे कर्मचारियों की नियुक्ति भी स्वीकार्य नहीं होगी, जिन्होंने इन देशों में कार्य किया हो।

भारत से स्थलीय सीमा साझा करने वाले देशों की कंपनियों के लिए उद्योग एवं आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग (DPIIT) के निर्धारित पंजीकरण नियमों का पालन करना अनिवार्य किया गया है।

इसके अलावा, कंपनियों को परीक्षण के लिए 10 नमूना शीट उपलब्ध करानी होंगी और यह प्रमाणित करना होगा कि सामग्री में किसी भी प्रकार की पशु-आधारित चर्बी या डीएनए का उपयोग नहीं किया गया है।

अनुभव रखने वाली कंपनियां ही होंगी पात्र

निविदा में भाग लेने के लिए कंपनियों के पास किसी केंद्रीय बैंक को कम से कम तीन वर्षों तक पॉलिमर नोटों की सामग्री उपलब्ध कराने का अनुभव होना आवश्यक है। इसके अलावा, उन्हें अपनी वित्तीय क्षमता, उत्पादन क्षमता और आवश्यक सुरक्षा मंजूरी से जुड़े दस्तावेज भी प्रस्तुत करने होंगे।

पॉलिमर नोटों से क्या होंगे फायदे?

विशेषज्ञों के अनुसार, पॉलिमर नोट पारंपरिक कागजी नोटों की तुलना में अधिक टिकाऊ होते हैं। ये पानी और नमी से जल्दी खराब नहीं होते, फटने की संभावना कम रहती है और इनमें उन्नत सुरक्षा फीचर शामिल किए जा सकते हैं, जिससे नकली नोटों की रोकथाम में भी मदद मिल सकती है।

Read more

Local News