Patna: बिहार सरकार ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के लाभार्थियों को बड़ी राहत देते हुए 97.84 लाख लोगों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से 1100-1100 रुपये की पेंशन राशि भेज दी है। सरकार ने यह भी तय किया है कि अब प्रत्येक माह की 10 तारीख को यह राशि नियमित रूप से लाभार्थियों के खातों में ट्रांसफर की जाएगी।
- सरकार के इस फैसले से बुजुर्गों, दिव्यांगजनों और विधवा महिलाओं को पहले की तुलना में अधिक आर्थिक सहायता मिलेगी। इससे पहले योजना के तहत लाभार्थियों को हर महीने 400 रुपये की पेंशन दी जाती थी। राशि बढ़ाकर 1100 रुपये किए जाने के बाद लोगों को दैनिक जरूरतों और इलाज जैसे खर्चों में राहत मिलने की उम्मीद है।
- पेंशन की राशि खाते में पहुंचने के बाद कई लाभार्थियों ने सरकार के निर्णय का स्वागत किया। राजधानी पटना की बड़ी पटन देवी कॉलोनी निवासी चंदो देवी ने कहा कि बढ़ती महंगाई के बीच दवाइयों और घरेलू जरूरतों का खर्च उठाना मुश्किल हो रहा था। अब बढ़ी हुई पेंशन से काफी सहारा मिलेगा।
- पटना सिटी की मंजू देवी ने कहा कि पहले मिलने वाली राशि जरूरतों के अनुरूप नहीं थी, लेकिन अब 1100 रुपये मिलने से मासिक खर्चों को संभालने में आसानी होगी। वहीं चाय टोला निवासी अरविंद कुमार दास ने कहा कि बढ़ी हुई पेंशन समाज के गरीब, बुजुर्ग और जरूरतमंद लोगों के लिए राहत भरा कदम है।
सरकार का कहना है कि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) प्रणाली के जरिए पेंशन सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी जा रही है। इससे भुगतान प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहेगी और लाभार्थियों को समय पर बिना किसी बिचौलिये के राशि मिलती रहेगी।


