रामगढ़: झारखंड पुलिस एसोसिएशन के अध्यक्ष राहुल कुमार मुर्मू ने शनिवार को रजरप्पा स्थित मां छिन्नमस्तिका मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर राज्य की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की। इस दौरान उनके साथ एसोसिएशन के महामंत्री संजीव कुमार, क्षेत्रीय मंत्री गिरीश ओझा तथा संयुक्त सचिव सह कोषाध्यक्ष राकेश पांडेय भी मौजूद रहे।
- मंदिर परिसर में सभी पदाधिकारियों ने मां भगवती के दर्शन कर मत्था टेका, नारियल अर्पित किया और रक्षासूत्र बंधवाया। उन्होंने राज्य के सभी पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों की सुख-समृद्धि, सुरक्षा एवं बेहतर भविष्य के लिए भी प्रार्थना की।
- पूजा के बाद राहुल कुमार मुर्मू ने कहा कि झारखंड पुलिस एसोसिएशन पुलिस परिवार के हितों की रक्षा और उनके कल्याण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी दिन-रात जनता की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी निभाते हैं, इसलिए एसोसिएशन भी उनके हर सुख-दुख में कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा रहेगा।
इस मौके पर संतोष महतो, रोहित रजक, महताब आलम, बीस सूत्री अध्यक्ष सुधीर मंगलेश समेत झारखंड पुलिस एसोसिएशन के कई पदाधिकारी, सदस्य और बड़ी संख्या में पुलिस बल के जवान उपस्थित रहे।


