Saturday, July 11, 2026

विश्व जनसंख्या दिवस के मौके पर स्वास्थ्य विभाग की ओर से कार्यक्रम आयोजित किया गया.

Share

रांचीः विश्व जनसंख्या दिवस के मौके पर स्वास्थ्य विभाग की ओर से कार्यक्रम आयोजित किया गया. इस कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी, विभागीय सचिव अजय कुमार सिंह, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के निदेशक शशि प्रकाश झा के अलावा स्वास्थ्य विभाग से जुड़े कर्मी और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोग मौजूद थे. कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने देश में जनसंख्या नियंत्रण के उपायों पर चर्चा की.

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा हमारी सरकार प्रत्येक नागरिक तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने, माताओं और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए लगातार कार्य कर रही है. उन्होंने कहा कि झारखंड एक युवा राज्य है, जहां बड़ी आबादी 35 वर्ष से कम आयु की है, यह हमारे लिए चुनौती नहीं बल्कि सुनहरा अवसर है. यदि युवाओं को बेहतर शिक्षा, तकनीकी प्रशिक्षण, आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं और रोजगार उपलब्ध कराया जाए तो झारखंड देश के अग्रणी राज्यों में शामिल होगा.

डॉ इरफान अंसारी ने कहा कि गर्भवती महिलाओं और नवजात शिशुओं की सुरक्षा राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है. इसी उद्देश्य से राज्य के सभी जिलों में अत्याधुनिक मातृ एवं शिशु अस्पताल विकसित किए जाएंगे, जहां सुरक्षित प्रसव, नवजात शिशुओं की विशेष देखभाल, महिलाओं के लिए चिकित्सा सेवाएं तथा आधुनिक उपकरणों से सुसज्जित सुविधाएं उपलब्ध होंगी. इससे मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में उल्लेखनीय कमी आएगी और महिलाओं को अपने जिले में ही बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्राप्त होंगी

  • रांची के बीएनआर होटल में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि समय बदल चुका है अब जनसंख्या को केवल संख्या या बोझ के रूप में नहीं, बल्कि राज्य और देश की सबसे बड़ी पूंजी एवं जनशक्ति के रूप में देखने की आवश्यकता है. यदि प्रत्येक नागरिक को बेहतर स्वास्थ्य, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएं तो यही जनसंख्या विकसित झारखंड और विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत बनेगी. उन्होंने कहा कि “जनसंख्या नहीं, जनशक्ति बने झारखंड की पहचान” केवल एक नारा नहीं, बल्कि राज्य सरकार की कार्यनीति है.
  • स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने कहा कि परिवार कल्याण का अर्थ केवल जनसंख्या नियंत्रण नहीं है. इसका वास्तविक उद्देश्य प्रत्येक परिवार को स्वस्थ, शिक्षित, सुरक्षित और समृद्ध बनाना है. महिलाओं को सशक्त बनाना, किशोर-किशोरियों में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाना, आधुनिक परिवार नियोजन सेवाओं की आसान उपलब्धता सुनिश्चित करना तथा प्रत्येक गर्भवती महिला को समय पर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना हमारी जिम्मेदारी है.
  • स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि झारखंड सरकार स्वास्थ्य क्षेत्र में ऐतिहासिक परिवर्तन ला रही है. नए मेडिकल कॉलेजों की स्थापना, अस्पतालों का विस्तार, आधुनिक चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता, डॉक्टरों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की नियुक्ति, डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार तथा ग्रामीण क्षेत्रों तक चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है.
  • उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झारखंड विकास की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है. हाल ही में गूगल के साथ हुए समझौते से राज्य में डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलेगी तथा युवाओं के लिए तकनीक आधारित रोजगार और कौशल विकास के नए अवसर खुलेंगे. आने वाले समय में झारखंड स्वास्थ्य एवं सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में अपनी पहचान बनाएगा.
  • उन्होंने विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर सभी नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वे स्वस्थ एवं छोटे परिवार की अवधारणा को अपनाएं, सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं तथा समाज में जनजागरूकता फैलाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं.

इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने कहा कि झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था लगातार सुदृढ़ हो रही है. विभाग की पूरी टीम राज्य के प्रत्येक जिले और गांव तक बेहतर एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है. कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के निदेशक शशि प्रकाश झा, स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ पदाधिकारी, चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी, सहिया बहनें तथा बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे.

Read more

Local News