शनिवार सुबह उन्होंने लोकसेवक आवास में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया। इसके बाद वे डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी के पास भी गए।
बांकीपुर विधानसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव के लिए भाजपा प्रत्याशी बनाए गए नीरज कुमार सिन्हा नामांकन से पहले एक्शन मोड में हैं।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी के साथ वे दोनों जगह गए। भाजपा प्रत्याशी से भेंट की तस्वीर सीएम ने अपने एक्स हैंडल पर साझा की है। सीएम ने उन्हें उपचुनाव में ऐतिहासिक विजय की हार्दिक शुभकामनाएं एवं अग्रिम बधाई दी।
- भाजपा के मंडल अध्यक्ष नीरज कुमार सिन्हा अचानक शुक्रवार को सुर्खियों में आ गए। बांकीपुर उपचुनाव के लिए अभिषेक बंटी की जगह उम्मीदवार बनाए गए नीरज पूर्व में मंडल महामंत्री एवं भाजयुमो के जिला उपाध्यक्ष रहे हैं।
- उनका परिवार जनसंघ काल से ही भाजपा से जुड़ा है। नीरज के चाचा नरेंद्र भारी के नाम पर एक मंडल है। 2006 में नीरज ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की थी।
- अचानक उम्मीदवार बदले जाने पर सियासत भी तेज हो गई है। बांकीपुर से प्रत्याशी और जन सुराज पार्टी के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने भाजपा पर तीखा तंज कसा है।
उन्होंने कहा कि पहले भाजपा के डर से लोग भागते थे, अब भाजपा ही भाग रही है। राजद ने भी इसे चुनाव से पहले ही हार मान लेने का संकेत बताते हुए कहा है कि रेखा गुप्ता के प्रति जनसमर्थन देखकर ही एक कार्यकर्ता की बलि चढ़ा दी गई।


