Jamshedpur : वित्तीय वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही (अप्रैल-जून) में टाटा स्टील ने उत्पादन व बिक्री के मामले में शानदार प्रदर्शन करते हुए नया रिकॉर्ड बनाया है. कंपनी ने इस दौरान 5.82 मिलियन टन क्रूड स्टील का उत्पादन किया, जो पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 11 प्रतिशत अधिक है. वहीं कुल 5.17 मिलियन टन स्टील की डिलीवरी की
कंपनी के अनुसार, जमशेदपुर और कलिंगनगर संयंत्रों में उत्पादन बढ़ने और घरेलू बाजार में मजबूत मांग के कारण यह उपलब्धि हासिल हुई है. कंपनी ने बताया कि बेहतर प्रोडक्ट मिक्स, मजबूत मार्केटिंग नेटवर्क व बढ़ती मांग के कारण घरेलू डिलीवरी में भी सालाना आधार पर 11 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई. ऑटोमोबाइल, रिटेल और इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर से अच्छी मांग मिलने का लाभ कंपनी को मिला.- पहली तिमाही में ऑटोमोटिव व स्पेशल प्रोडक्ट्स वर्टिकल ने 0.9 मिलियन टन की बिक्री के साथ अब तक का सर्वश्रेष्ठ तिमाही प्रदर्शन किया. कलिंगनगर प्लांट में कंटीन्यूअस एनीलिंग और गैल्वनाइजिंग लाइनों की क्षमता बढ़ने से हाई-एंड स्टील उत्पादों की बिक्री में 20 प्रतिशत की वृद्धि हुई.
- वहीं ब्रांडेड प्रोडक्ट्स और रिटेल वर्टिकल ने 1.7 मिलियन टन का रिकॉर्ड वॉल्यूम दर्ज किया. कंपनी के प्रमुख ब्रांड टाटा टिस्कॉन की बिक्री में 33 प्रतिशत और टाटा स्टीलियम की बिक्री में 41 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई.
- नए औद्योगिक क्षेत्रों में बढ़ा कारोबार
- इंडस्ट्रियल प्रोडक्ट्स व प्रोजेक्ट्स वर्टिकल ने पहली तिमाही में 1.6 मिलियन टन का वॉल्यूम हासिल किया. कंपनी ने शिपबिल्डिंग, कंटेनर निर्माण व डेटा सेंटर जैसे उभरते क्षेत्रों में नए ग्राहकों को जोड़कर अपनी मौजूदगी और मजबूत की है.
- इसके अलावा ट्यूब, टिनप्लेट, वायर और कलर कोटेड स्टील सेगमेंट का प्रदर्शन भी बेहतर रहा. ट्यूब और टिनप्लेट कारोबार ने पहली तिमाही का अब तक का सबसे अधिक वॉल्यूम दर्ज किया. कंपनी के ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म टाटा स्टील आशियाना और डीआईजीईसीए का संयुक्त ग्रॉस मर्चेंडाइज वैल्यू 2,200 करोड़ रुपये पहुंच गया, जो पिछले साल की तुलना में 61 प्रतिशत अधिक है.
- टाटा स्टील नीदरलैंड्स ने पहली तिमाही में 1.55 मिलियन टन लिक्विड स्टील का उत्पादन और 1.40 मिलियन टन की डिलीवरी दर्ज की. हालांकि अप्रैल 2026 में डायरेक्ट शीट प्लांट बंद होने से उत्पादन और बिक्री पर असर पड़ा. बाद में स्थानीय पर्यावरण प्राधिकरण ने प्लांट के ट्रायल रन की अनुमति दे दी है.
- वहीं टाटा स्टील यूके ने खरीदे गए सबस्ट्रेट की डाउनस्ट्रीम प्रोसेसिंग के जरिए ग्राहकों को आपूर्ति जारी रखी और 0.48 मिलियन टन स्टील की डिलीवरी की. कंपनी ने यह भी बताया कि पोर्ट टैलबोट में 3 एमटीपीए क्षमता वाले इलेक्ट्रिक आर्क फर्नेस (EAF) की स्थापना का काम तेजी से चल रहा है.
थाईलैंड यूनिट का प्रदर्शन स्थिर
टाटा स्टील थाईलैंड ने पहली तिमाही में 0.33 मिलियन टन बिक्री योग्य स्टील का उत्पादन किया व समान मात्रा में डिलीवरी भी की. कंपनी का कहना है कि आने वाले समय में उत्पादन क्षमता बढ़ाने, वैल्यू-एडेड स्टील उत्पादों पर फोकस करने और नए औद्योगिक क्षेत्रों में विस्तार की रणनीति के जरिए विकास की रफ्तार बनाए रखी जाएगी.


