हैदराबाद क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा संचालित TG20 लीग अपने आखिरी पड़ाव पर पहुंच गया है. टूर्नामेंट के पहले सीजन में प्लेऑफ में पहुंचने वाली चार टीमें अभी भी खिताब की दौड़ में बनी हुई हैं.
टूर्नामेंट के प्लेऑफ की शुरुआत गुरुवार (9 जुलाई) को रंगारेड्डी राइजर्स और करीमनगर डायमंड्स के बीच एलिमिनेटर मैच से होगी. उसी दिन शाम में, अब तक अजेय रही हैदराबाद ई-चैंपियंस का मुकाबला क्वालिफायर 1 में अन्विता खम्मम एसेस से होगा.
क्वालिफायर 1 की विजेता टीम को सीधा फाइनल का टिकट मिल जाएगा, जबकि हारने वाली टीम को शुक्रवार (10 जुलाई) को क्वालिफायर 2 में एलिमिनेटर की विजेता टीम से भिड़ेगी. फाइनल मैच रविवार (12 जुलाई) को खेला जाएगा.
एलिमिनेटर: रंगा रेड्डी राइजर्स बनाम करीमनगर डायमंड्स
पॉइंट्स टेबल में चौथे स्थान पर रहने वाली रंगारेड्डी राइजर्स और तीसरे नंबर पर रहने वाली करीमनगर डायमंड्स के बीच एलिमिनेटर मैच खेला जाएगा. ये मैच दोपहर 2:15 बजे शुरू होगा. राइजर्स ने 7 मैच में 4 जीत और तीन हारकर 8 अंको के साथ यहां तक पहुंची है, जबकि करीमनगर भी उतने ही मैच जीतकर प्लेऑफ में कदम रखी है.
राइजर्स ने लीग के आखिरी मैच में शानदार प्रदर्शन करते हुए वारंगल वॉरियर्स को 161 रनों से हराकर अपनी किस्मत बदली और प्लेऑफ में जगह पक्की की. उनकी टीम काफी हद तक आदित्य जव्वाजी के लगातार अच्छे प्रदर्शन पर निर्भर रहे हैं, जिन्होंने लीग स्टेज में 286 रन बनाए. वहीं, अनुभवी स्पिनर आर्यन करियप्पा ने 11 विकेट लेकर बॉलिंग की कमान संभाली है.
वहीं दूसरी ओर करीमनगर डायमंड्स की तरफ से तन्मय अग्रवाल उनके टॉप स्कोरर रहे हैं, जिन्होंने दो शतकों के साथ 328 रन बनाए हैं. उनकी बॉलिंग यूनिट ने भी अच्छा प्रदर्शन किया है. रथलावथ दिनेश ने 9 विकेट लिए हैं, जबकि जिले के स्टार नारायण तेजा और शुभम शर्मा ने आठ-आठ विकेट लेकर अच्छा सहयोग दिया है.
क्वालिफायर-1: हैदराबाद ई-चैंपियंस बनाम अन्विता खम्मम एसेस
प्लेऑफ का दूसरा मैच यानी क्वालिफायर-1 हैदराबाद ई-चैंपियंस और अन्विता खम्मम एसेस के बीच खेला जाएगा. ये बड़ा मैच शाम में 7:15 बजे शुरू होगा, इस मैच की विजेता टीम सीधे फाइनल में पहुंच जाएगी. रामो जी ग्रुप की टीम हैदराबाद ई-चैंपियंस ने टूर्नामेंट में एक मिसाल कायम की है और लीग स्टेज में कोई मैच नहीं हारी है. वो 7 मैच में 7 जीत के साथ कुल 14 अंक लेकर पॉइंट्स टेबल में टॉप पर हैं. उनकी कामयाबी का राज टीम का शानदार प्रदर्शन है, जिसमें अभिरथ रेड्डी का जबरदस्त सीजन शामिल है.
अभिरथ ने 220 के शानदार स्ट्राइक रेट से 418 रन बनाए, जिसमें एक शतक भी शामिल है. इसके अलावा गणेश गडगु ने उनका बखूबी साथ दिया है, उन्होंने 224 रन बनाए और तीन बार नाबाद रहे. वहीं गेंदबाजी में जय देव गौड़ 16 विकेट लेकर टूर्नामेंट में सबसे आगे हैं, और उन्हें प्रणव वर्मा का साथ मिला है, जिन्होंने 6.8 रन प्रति ओवर की किफायती इकॉनमी रेट से 9 विकेट लिए हैं.
वहीं अन्विता खम्मम एसेस की तरफ से कोडिमेला हिमातेजा 430 रनों के साथ सबसे ज्यादा रन बनाने वालों की सूची में शीर्ष पर हैं. उन्होंने एक शतक और चार अर्धशतक लगाए हैं और उनका औसत 107.5 रहा है. उनकी गेंदबाजी का प्रदर्शन भी लगातार अच्छा रहा है. 16 साल के वेद रेड्डी ने 12 विकेट लिए हैं और वे टूर्नामेंट में दूसरे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए हैं.
क्वालिफायर-2
क्वालिफायर-2 में एलिमिनेटर जीतने वाली टीम और क्वालिफायर-1 हारने वाली टीम आमने सामने होंगी. ये मैच 10 जुलाई को शाम 7:15 बजे खेला जाएगा. जीतने वाली टीम फाइनल में प्रवेश करेगी. जहां उनका सामना 12 जुलाई को खिताबी मुकाबले में क्वालिफायर-1 जीतने वाली टीम से होगा.


