रांची: राजधानी के खेलगांव स्थित शूटिंग रेंज में आयोजित तीसरी रांची जिला शूटिंग चैंपियनशिप के उद्घाटन समारोह के दौरान वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर का अलग अंदाज देखने को मिला. राजनीतिक मंचों पर अपने बयानों को लेकर चर्चा में रहने वाले वित्त मंत्री इस बार शूटिंग रेंज में बंदूक के साथ निशानेबाजी करते नजर आए. उन्होंने प्रतियोगिता का शुभारंभ करते हुए शूटिंग रेंज में निशाना साधा और कई सटीक शॉट लगाए. इस दौरान मौजूद खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और दर्शकों ने उनका उत्साहवर्धन किया.
- चैंपियनशिप में जिले के विभिन्न स्कूलों, कॉलेजों और शूटिंग क्लबों से जुड़े बड़ी संख्या में खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं. प्रतियोगिता का उद्देश्य जिले में निशानेबाजी खेल को बढ़ावा देना, नई प्रतिभाओं को मंच उपलब्ध कराना और खिलाड़ियों को राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना है. आयोजन के दौरान खिलाड़ियों ने भी अपने कौशल का प्रदर्शन किया.
- मौके पर मीडिया से बातचीत करते हुए वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि उनके परिवार का निशानेबाजी से पुराना जुड़ाव रहा है. बचपन से ही उन्हें निशानेबाजी का शौक रहा है और समय मिलने पर वे इसका अभ्यास भी किया करते थे. उन्होंने कहा कि खेल व्यक्ति में अनुशासन, एकाग्रता और आत्मविश्वास विकसित करता है, इसलिए युवाओं को खेल गतिविधियों से जुड़ना चाहिए.
- हालांकि, खेलगांव स्थित शूटिंग रेंज की मौजूदा स्थिति पर उन्होंने चिंता भी जताई. निरीक्षण के दौरान उन्होंने कहा कि रेंज का बुनियादी ढांचा काफी जर्जर नजर आ रहा है और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की जरूरत है. उन्होंने कहा कि यदि राज्य के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करना है तो आधुनिक खेल अधोसंरचना विकसित करना जरूरी है.
- प्रतियोगिता में शामिल खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों ने भी उम्मीद जताई कि शूटिंग रेंज के रख रखाव और आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता पर जल्द ध्यान दिया जाएगा, ताकि अभ्यास और प्रतियोगिताओं के आयोजन में किसी प्रकार की परेशानी न हो.
खेलगांव शूटिंग रेंज की संतोषजनक स्थिति नहीं
वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि खेलगांव शूटिंग रेंज की स्थिति संतोषजनक नहीं है. उन्होंने बताया कि रेंज के जीर्णोद्धार को लेकर सीसीएल और खेल विभाग के साथ चर्चा की जाएगी, ताकि खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें.


