रांचीः विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) 2026 अभियान के तहत रांची जिला के स्कूलों और कॉलेजों में सोमवार को मतदाता जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किए गए. चुनावी पाठशालाओं और इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ELC) के माध्यम से छात्रों और भावी मतदाताओं को मतदान के महत्व और मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया समझाई गई.
इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों को बताया गया कि मतदाता सूची में नाम कैसे जुड़वाया जाता है. किसी तरह की गलती होने पर उसमें सुधार कैसे कराया जा सकता है और जरूरत पड़ने पर नाम हटाने की प्रक्रिया क्या है. निर्वाचन आयोग की ओर से उपलब्ध कराए गए पोस्टर और जानकारी पुस्तिकाओं के माध्यम से भी छात्रों को जागरूक किया गया.

इस दौरान उन विद्यार्थियों पर विशेष ध्यान दिया गया जो 1 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी कर मतदान के पात्र बन जाएंगे. उन्हें समय पर मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने और अपने परिवार व आसपास के अन्य पात्र लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की गई.
जिला के सभी चुनावी पाठशालाओं में आयोजित कार्यक्रमों में संबंधित बीएलओ (BLO), शिक्षकों, वालंटियरों और सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (AERO) ने भाग लिया. अधिकारियों ने छात्रों के सवालों के जवाब दिए और निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़ी जरूरी जानकारियां साझा की.
उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी मंजूनाथ भजंत्री ने कहा कि युवाओं की भागीदारी से ही लोकतंत्र मजबूत होता है. उन्होंने कहा कि जो छात्र पहली बार मतदान करने के पात्र बन रहे हैं, वे समय पर अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज कराएं और दूसरों को भी इसके लिए जागरूक करें. उनका कहना है कि शुद्ध और अद्यतन मतदाता सूची निष्पक्ष चुनाव की सबसे महत्वपूर्ण आधारशिला है.

रांची जिला प्रशासन ने सभी पात्र नागरिकों से विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में सहयोग करने और समय पर मतदाता सूची से जुड़े कार्य पूरे करने की अपील की है.


