जामताड़ाः झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी एक्शन मोड में हैं. राज्य में अवैध रूप से संचालित नर्सिंग होम और अल्ट्रासोनोग्राफी सेंटर्स को लेकर कड़ा रूख अपनाते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया है. मंत्री इरफान अंसारी ने कहा है कि झारखंड के सभी जिलों में विशेष अभियान चलाकर गलत तरीके से चल रहे नर्सिंग होम और अल्ट्रासोनोग्राफी सेंटर्स के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है. साथ ही संचालकों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी.
- स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि बेटी लक्ष्मी होती है और गलत तरीके से अल्ट्रासोनोग्राफी कर आज बेटी को जन्म लेने से पहले मारने का काम किया जा रहा है. इस किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं करेंगे. उन्होंने कहा कि सरकार मां, बहन और बेटी की सुरक्षा के लिए काम कर रही है.
- मंईयां सम्मान योजना देकर यहां की माताओं-बहनों को सम्मान देने का काम सरकार कर रही है, लेकिन ऐसी शिकायत मिल रही है कि गलत तरीके से नर्सिंग होम चलाया जा रहा है. अल्ट्रासोनोग्राफी से बेटी को जन्म से पहले ही मारने का काम किया जा रहा है, जो की कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
गुरुजी को पद्म भूषण सम्मान मिलना राज्य के लिए गौरव का विषय
शिबू सोरेन को मरणोपरांत पद्म भूषण सम्मान से अलंकृत किए जाने पर स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने खुशी जाहिर की है. उन्होंने इसे झारखंडवासियों के लिए गौरव बताया. उन्होंने कहा कि गुरुजी के आंदोलन, त्याग और तपस्या का प्रतिफल है कि आज उन्हें पद्म भूषण से सम्मानित किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि गुरुजी की बदौलत ही झारखंड राज्य बना. आज अलग राज्य नहीं बनता तो आज वे विधायक और मंत्री नहीं बनते.


