रांचीः अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर प्रदेश भाजपा द्वारा राज्य के सभी मंडलों में मनाने का निर्णय लिया गया है. प्रदेश अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने 21 जून को होनेवाले योग दिवस पर कार्यक्रम में सभी प्रदेश पदाधिकारियों, सांसदों, विधायकों एवं जिला अध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्र में भाग लेने के निर्देश दिए हैं.
प्रदेश भाजपा ने सभी 30 सांगठनिक जिला के अंतर्गत पड़ने वाले 595 मंडलों में प्रदेश स्तरीय बड़े नेताओं को योग दिवस के कार्यक्रमों में शामिल होने को कहा है. इस संबंध में झारखंड़ भाजपा के प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद आदित्य साहू रांची महानगर के कार्यालय में योग करेंगे.
वहीं बाबूलाल मरांडी ऑक्सीजन पार्क रांची, अर्जुन मुंडा घोड़ाबांदा जमशेदपुर में, पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास जमशेदपुर के सिदगोड़ा स्थित सूर्य मंदिर में, पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन धुर्वा मंडल रांची में, पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा जगरनाथपुर चाईबासा में, प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह पटेल पार्क हरमू मैदान, केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी चंद्रावती हाई स्कूल डोमचांच, केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ आयुष मंत्रालय रांची में तथा झारखंड विधानसभा में भाजपा के मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल अरगोड़ा मंडल में योग कार्यक्रम में शिरकत करेंगे. इसके अलावा पूरे राज्य में विभिन्न जिलों, मंडलों में अन्य प्रमुख नेताओं की उपस्थिति रहेगी.
हर वर्ष 21 जून को मनाया जाता है अंतरराष्ट्रीय योग दिवस
दिसंबर 2014 में संयुक्त राष्ट्र महासभा ने एक प्रस्ताव पारित करके 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में घोषित किया गया था. इसके बाद से हर साल यह दिन भारत समेत पूरी दुनिया में बड़े उत्साह के साथ मनाया जाता है. देश और दुनिया के कई छोटे और बड़े संगठन भी अपने स्तर पर योग दिवस को धूमधाम से मनाते हैं.
इस कार्यक्रमों में आम जनता की भागीदारी भी व्यापक तौर पर देखी जाती है. इस बार भी योग दिवस के मौके पर राजधानी सहित राज्य के विभिन्न जिलों में इसे भव्य रुप से मनाने की तैयारी की गई है.


