Saturday, June 20, 2026

बिहार में मोहर्रम के दौरान शांति, सुरक्षा और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने को लेकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की.

Share

 मोहर्रम को लेकर बिहार सरकार पूरी तरह अलर्ट मोड में है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक कर अधिकारियों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने के सख्त निर्देश दिए हैं. संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त सुरक्षा बल और RAF की तैनाती की जाएगी, जबकि शांति भंग करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है.

बिहार में मोहर्रम के दौरान शांति, सुरक्षा और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने को लेकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की. बैठक में राज्य पुलिस मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारी, डीजीपी, मुख्य सचिव और गृह विभाग के आला अधिकारी मौजूद रहे.

इस दौरान सभी जिलाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक से जोड़ा गया. मुख्यमंत्री ने जिलेवार तैयारियों की जानकारी ली और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की.

शांति भंग करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि मोहर्रम के दौरान राज्य में कानून-व्यवस्था हर हाल में कायम रहनी चाहिए. किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोकने के लिए पूरी सतर्कता बरती जाए. उन्होंने कहा कि अगर कोई व्यक्ति सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने या माहौल खराब करने की कोशिश करता है, तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए. ऐसे तत्वों पर प्रशासन की विशेष नजर रहे.

संवेदनशील इलाकों में बढ़ाई जाएगी निगरानी

बैठक में राज्य के संवेदनशील जिलों और क्षेत्रों की भी समीक्षा की गई. मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि जहां भी अतिरिक्त सतर्कता की जरूरत है, वहां सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत की जाए. पुलिस अधिकारियों को लगातार गश्त बढ़ाने, भीड़भाड़ वाले इलाकों पर नजर रखने और सोशल मीडिया मॉनिटरिंग तेज करने के निर्देश दिए गए.

कई जिलों में RAF की होगी तैनाती

त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए कई जिलों में रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) की तैनाती का फैसला लिया गया है. इसके अलावा अतिरिक्त पुलिस बलों को भी संवेदनशील क्षेत्रों में तैनात किया जाएगा. प्रशासन का उद्देश्य है कि मोहर्रम का पर्व शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हो.

अधिकारियों को सतर्क रहने का निर्देश

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि सभी अधिकारी पूरी तरह अलर्ट मोड में रहें. किसी भी सूचना पर तुरंत कार्रवाई की जाए और स्थानीय स्तर पर समन्वय बनाए रखा जाए. उन्होंने कहा कि बिहार की पहचान सामाजिक सौहार्द और भाईचारे से है. इसे किसी भी कीमत पर प्रभावित नहीं होने दिया जाएगा. सरकार त्योहार के दौरान हर नागरिक की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है.

Table of contents [hide]

Read more

Local News