इंग्लैंड ने फीफा वर्ल्ड कप 2026 के अपने ओपनिंग मैच में क्रोएशिया के खिलाफ 4-2 से जीत दर्ज करके शानदार शुरुआत की. इस में मैच प्लेइंग-11 का हिस्सा बनकर इंग्लैंड के मिडफील्डर जूड बेलिंगहम एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है.
बेलिंगहम अब चार बड़े इंटरनेशनल टूर्नामेंट खेलने वाले सबसे युवा यूरोपीय खिलाड़ी बन गए हैं. 22 साल के इस मिडफील्डर ने चार टूर्नामेंट (वर्ल्ड कप और EURO) में खेलने वाले सबसे युवा पुरुष खिलाड़ी के तौर पर जर्मनी के जमाल मुसियाला का रिकॉर्ड तोड़ दिया. जिन्होंने इसी हफ्ते की शुरुआत में कुराकाओ के खिलाफ ग्रुप मैच खेलकर 2026 वर्ल्ड कप में पहले ही एक नया रिकॉर्ड बना लिया था.

बेलिंगहम ने 2021 की गर्मियों में UEFA EURO 2020 में एक टीनएजर के तौर पर टूर्नामेंट में डेब्यू किया था, जिसके बाद उन्होंने कतर में FIFA वर्ल्ड कप 2022 और फिर जर्मनी में UEFA EURO 2024 में हिस्सा लिया. अब वो फीफा वर्ल्ड कप 2026 में भी खेल रहे हैं.
बेलिंगहम इंग्लैंड के इतिहास में तीसरे सबसे युवा खिलाड़ी हैं. उन्होंने 17 साल और 136 दिन की उम्र में इंग्लैंड के लिए डेब्यू किया था. उनसे कम उम्र में इंग्लैंड के लिए डेब्यू करने वाले खिलाड़ी सिर्फ थियो वालकॉट और वेन रूनी थे.
बेलिंगहम ने टूर्नामेंट में इंग्लैंड का प्रतिनिधित्व करने पर गर्व जताया. उन्होंने कहा, ‘जब मैं मैदान पर उतरता हूं और अपनी जर्सी पर वह बैज और पीछे नंबर 10 पहनता हूं, तो अपनी टीम और देश के लिए अपना सब कुछ झोंक देना मेरी जिम्मेदारी होती है. मैं गेंद के साथ और उसके बिना भी, टीम के लिए अपना सब कुछ देना चाहता हूं.’
चार बड़े टूर्नामेंट खेलने वाले सबसे युवा यूरोपीय खिलाड़ी
- जूड बेलिंगहम (इंग्लैंड): 22 साल 353 दिन
- जमाल मुसियाला (जर्मनी): 23 साल 108 दिन
- पेड्री (स्पेन): 23 साल 202 दिन
- जेरेमी डोकू (बेल्जियम): 24 साल 19 दिन
- माइकल ओवेन (इंग्लैंड): 24 साल 182 दिन
- लुकास पोडोलस्की (जर्मनी): 25 साल 9 दिन


