यूट्यूब ने एक बार फिर अपने ऐप में प्राइवेट मैसेजिंग फीचर को वापस लाने का फैसला किया है. अगर आप अपने दोस्तों या परिवार के साथ कोई मजेदार वीडियो, म्यूज़िक क्लिप या कोई ट्यूटोरियल शेयर करना चाहते हैं तो अब पहले की तरह आपको यूट्यूब की उस वीडियो का लिंक कॉपी करके व्हाट्सएप या किसी अन्य मैसेजिंग ऐप के माध्यम से शेयर करने की जरूरत नहीं पड़ेगी. अब यह काम यूट्यूब के अंदर ही हो जाएगा. इस फीचर को फिलहाल अमेरिका और कुछ अन्य देशों में शुरू किया गया है. हालांकि, यूट्यूब मैसेजिंग फीचर इस्तेमाल करने के लिए यूज़र की उम्र कम से कम 18 साल होनी अनिवार्य है.
दरअसल, यूट्यूब ने पहले भी 2017 में इस फीचर को पेश किया था, लेकिन सिर्फ दो साल बाद यानी 2019 में बंद भी कर दिया था. अब नवंबर 2025 में कंपनी ने मैसेंजिंग फीचर को एक बार फिर से टेस्ट किया और अब कंपनी ने इस फीचर को दोबारा से लॉन्च करने का मन बना लिया है. यूट्यूब का कहना है कि यह उनके यूज़र्स की तरफ से सबसे ज्यादा डिमांडिग फीचर था.
यूट्यूब मैसेजिंग को फीचर कैसे ऑन करें?
- इसके लिए आपको सबसे पहले स्मार्टफोन में यूट्यूब ऐप खोलना होगा.
- ऐप के ऊपर दाईं ओर आपको एक “Messages” का आइकन दिखेगा, उस पर टैप करना होगा.
- अब आपको एक इनविटेशन लिंक मिलेगा. इस लिंक को आपको व्हाट्सएप, SMS या किसी अन्य मैसेजिंग प्लेटफॉर्म के जरिए उस दोस्त को भेजना होगा, जिससे आप YouTube पर चैट करना चाहते हैं.
- उसके बाद जब आपका वो दोस्त, मैसेजिंग के लिए इनविटेशन लिंक एक्सेप्ट करेगा, तब आप दोनों यूट्यूब के अंदर चैट शुरू कर पाएंगे.
हालांकि, इस फीचर का इस्तेमाल करने के लिए एक बेहद जरूरी बात है. जैसा कि हमने आपको ऊपर भी बताया कि आपको अपनी उम्र को वेरिफाई करना होगा. यह फीचर सिर्फ एडल्ड यूज़र्स यानी 18 साल या उससे ज्यादा उम्र वाले यूज़र्स के लिए ही है. यूट्यूब ने यह कदम सुरक्षा को घ्यान में रखते हुए उठाया है ताकि अनजान लोगों से बेवजह की बातचीत न हो.
किस तरह का कंटेंट शेयर कर सकते हैं?
इस फीचर के जरिए आप कोई भी यूट्यूब वीडियो अपने दोस्तों के साथ शेयर कर सकते हैं. यूट्यूब का कहना है कि इस चैट में भेजे गए सभी वीडियो और मैसेज पर उनकी कम्यूनिटी गाइडलाइन्स लागू होंगी. इसका मतलब है कि अगर कोई आपत्तिजनक कंटेंट शेयर करेगा, तो यूट्यूब उसपर कार्रवाई कर सकता है. इसका मतलब है कि चैटिंग एंड-टू-एंड एन्क्रिप्टेड नहीं होगी.
यूट्यूब ने इस सिस्टम को इस तरह से बनाया है कि आप सिर्फ उन्हीं लोगों से बात कर सकते हैं, जिन्हें आप पहले से जानते हैं. कोई भी अनजान शख्स आपको बिना इनवाइट लिंक भेजे, सीधा मैसेज नहीं कर सकता है. यूट्यूब ने बताया है कि जल्द ही इस फीचर को अन्य देशों में भी चालू किया जाएगा.


