अगर आप कम बजट में अच्छे ईयरबड्स खरीदने की सोच रहे हैं, तो वनप्लस जल्द ही आपके लिए एक नया ऑप्शन लेकर आने वाला है. कंपनी ने शुक्रवार को ऐलान किया है कि OnePlus Nord Buds 4 को भारत में जल्द ही लॉन्च किया जाएगा. कंपनी ने इसके साथ ईयरबड्स का डिज़ाइन भी पेश कर दिया है.
वनप्लस ने अपने इस ईयरबड्स के लिए ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म अमेज़न पर एक माइक्रोसाइट भी लाइव कर दी है. जिससे साफ हो गया है कि इस ईयरबड्स की बिक्री अमेज़न के जरिए होगी. यह ईयरबड्स वनप्लस के उसी नॉर्ड सीरीज का हिस्सा है, जिसमें Nord Buds 4 Pro को कंपनी ने पहले ही लॉन्च कर दिया था. भारत में भी Nord Buds 4 Pro को 19 मार्च को लॉन्च किया गया था.
OnePlus Nord Buds 4
वनप्लस ने जो पिक्चर्स शेयर की है, उनसे पता चलता है कि Nord Buds 4 का डिज़ाइन Pro मॉडल जैसा ही है. इनमें इन-ईयर स्टाइल दिया गया है और सिलिकॉन इयर टिप्स लगाए गए हैं, जो कानों में आराम से फिट होते हैं. कंपनी के द्वारा जारी किए गए पिक्चर्स में दिख रहा है कि ईयरबड्स का स्टेम थोड़ा छोटा है और पीछे की तरफ एक इंडेंट नजर आता है, जो शायद जेस्चर कंट्रोल के लिए हो.
वायरलेस चार्जिंग के लिए दो पोगो पिन कनेक्टर्स भी दिए गए हैं. चार्जिंग केस का आकार पेबल यानी छोटे पत्थर जैसा गोलाकर है, जो देखने में काफी स्लीक लगता है. कंपनी ने अभी तक सिर्फ एक कलर ऑप्शन की झलक दिखाई, जिसमें ईयरबड्स टील (Teal) कलर का दिख रहा है. हालांकि, लॉन्च के वक्त कंपनी इस ईयरबड्स के अन्य कलर ऑप्शन्स को भी पेश करेगी.
Nord Buds 4 Pro की डिटेल्स
Nord Buds 4 Pro की इस वक्त भारत में कीमत 3,999 रुपये है. यह रेडिएंट ग्रे और रावेन ब्लैक कलर्स में मिलता है. इनमें 12mm के टाइटेनियम कोटेड डायनामिक ड्राइवर्स हैं, एक्टिव नॉइस कैंसिलेशन और ट्रांसपेरेंसी मोड का सपोर्ट है.
बैटरी की बात करें हर ईयरबड में 62mAh और चार्जिंग केस में 530mAh की बैटरी है. ANC बंद रखने पर कुल मिलाकर 54 घंटे तक म्यूज़िक सुना जा सकता है. IP55 रेटिंग की वजह से धूल और पानी से भी ईयरबड्स सुरक्षित रहता है. अब देखना होगा कि कंपनी इसी सीरीज के ईयरबड्स Nord Buds 4 की कीमत कितनी होती है और उसमें कंपनी किन स्पेसिफिकेशन्स को शामिल करती है.


