धनबादः व्यापारियों के साथ आयोजित संवाद कार्यक्रम में वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने स्पष्ट कहा कि जिले में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए पुलिस लगातार सक्रिय है. उन्होंने कहा कि व्यापारियों की सुरक्षा, सुगम यातायात व्यवस्था और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण पुलिस की पहली प्राथमिकता है.
फेडरेशन ऑफ धनबाद जिला चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब सहित जिले के कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और विभिन्न व्यापारी संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे.
शहर में सीसीटीवी कैमरे लगाने की योजना पर काम चल रहा हैः एसएसपी
संवाद के दौरान एसएसपी प्रभात कुमार ने बताया कि शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील इलाकों में सीसीटीवी कैमरे लगाने की योजना पर तेजी से काम चल रहा है. उन्होंने व्यापारियों से भी अपने प्रतिष्ठानों पर आधुनिक सीसीटीवी सिस्टम लगाने की अपील करते हुए कहा कि इससे अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी में काफी मदद मिलेगी.
यातायात नियमों के उल्लंघन के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगीः एसएसपी प्रभात कुमार
उन्होंने जानकारी दी कि शहर में ट्रैफिक सिग्नल लगाने की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और टेंडर जारी होने के बाद जल्द ही कार्य शुरू होगा. इसके अलावा ऑटो और टोटो चालकों की मनमानी, गलत तरीके से वाहन चलाने और यातायात नियमों के उल्लंघन के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जाएगी.
एसएसपी ने कहा कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास का रिश्ता मजबूत करना उनकी प्राथमिकता है. किसी भी आपराधिक घटना या शिकायत की सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी. उन्होंने लोगों से आपात स्थिति में तुरंत डायल-112 पर सूचना देने की अपील की.
चेन स्नैचिंग पर प्रभावी अंकुश लगाया जाएगाः प्रभात कुमार
उन्होंने कहा कि ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारने के लिए केवल पुलिस का प्रयास पर्याप्त नहीं है, बल्कि आम नागरिकों को भी यातायात नियमों का पालन कर सहयोग करना होगा. चेन स्नैचिंग जैसी घटनाओं पर नियंत्रण के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और जल्द ही इस पर प्रभावी अंकुश लगाया जाएगा.
एसएसपी प्रभात कुमार ने व्यापारियों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि जिले में संगठित अपराध पर काफी हद तक नियंत्रण स्थापित किया जा चुका है. यदि किसी व्यापारी या नागरिक से रंगदारी की मांग की जाती है तो वह किसी भी कीमत पर रकम न दें, बल्कि तुरंत पुलिस को इसकी जानकारी दें. ऐसे अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी.
बैठक में व्यापारियों ने पार्किंग व्यवस्था, सड़क जाम, चौक-चौराहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने, नो-पार्किंग क्षेत्रों की जानकारी सार्वजनिक करने, साइबर अपराध पर नियंत्रण, ऑटो-टोटो चालकों पर कार्रवाई तथा विनोद बिहारी महतो चौक के पास पुलिस चौकी स्थापित करने सहित कई महत्वपूर्ण सुझाव रखे.
व्यापारियों ने रात्रि गश्ती बढ़ाने की आवश्यकता जताई
व्यापारियों ने रात्रि गश्ती बढ़ाने, व्यापारिक मामलों का त्वरित निष्पादन करने तथा थाना स्तर पर पुलिस और व्यापारियों के बीच बेहतर समन्वय विकसित करने की आवश्यकता भी जताई. जिले के 56 व्यापारी संगठनों के प्रतिनिधियों ने पुलिस की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि हाल के वर्षों में अपराधी गिरोहों पर प्रभावी कार्रवाई हुई है, जिससे व्यापारियों में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है और रंगदारी जैसी घटनाओं में कमी आई है.
पुलिस कार्रवाई से उनका विश्वास मजबूत हुआ हैः व्यापारी संघ
कार्यक्रम में कृषि बाजार प्रांगण में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए इंस्पेक्टर कार्यालय खोलने की पहल पर भी एसएसपी प्रभात कुमार का आभार व्यक्त किया गया. व्यापारियों ने कहा कि अपराध नियंत्रण और त्वरित पुलिस कार्रवाई से उनका पुलिस प्रशासन पर विश्वास पहले की तुलना में और अधिक मजबूत हुआ है.
इस अवसर पर एसडीपीओ बाघमारा अजीत बिमल, एसडीपीओ सिंदरी प्रकाश चंद्र महतो, डीएसपी मुख्यालय कुमार विनोद, डीएसपी विधि-व्यवस्था प्रकाश सोय, एसडीपीओ निरसा लिलेश्वर महतो, डीएसपी सीसीआर प्रदीप कुमार साव, डीएसपी ट्रैफिक रोहित कुमार साव, विभिन्न थाना प्रभारी तथा बड़ी संख्या में व्यापारी एवं व्यापारी संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे.


