Thursday, June 11, 2026

बोकारो के रहने वाली सीआरपीएफ जवान सद्दाम हुसैन को देश के प्रतिष्ठित वीरता पुरस्कार शौर्य चक्र से सम्मानित किया गया है.

Share

बोकारो: जिले के स्टील सिटी के कैंप-2 निवासी सीआरपीएफ जवान सद्दाम हुसैन को प्रतिष्ठित वीरता पुरस्कार शौर्य चक्र से सम्मानित किया गया है. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उन्हें यह सम्मान जम्मू-कश्मीर में आतंकवादियों के खिलाफ चलाए गए एक साहसिक अभियान में अदम्य वीरता और कर्तव्य निष्ठा का परिचय देने के लिए प्रदान किया गया है. सम्मान मिलने के बाद उनके गृह क्षेत्र में खुशी का माहौल है और मोहल्लेवासियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया.

सीआरपीएफ की तीसरी बटालियन में तैनात सिपाही सद्दाम हुसैन ने 5 नवंबर 2024 को जम्मू-कश्मीर के बांदीपोरा जिले के चुट्टावाडी-कैत्सुन जंगल क्षेत्र में चलाए गए संयुक्त आतंकवाद विरोधी अभियान में असाधारण साहस का परिचय दिया था. सुरक्षा एजेंसियों को दो विदेशी आतंकवादियों के छिपे होने की सूचना मिली थी, जिसके बाद सीआरपीएफ, 26 असम राइफल्स और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने संयुक्त घेराबंदी एवं तलाशी अभियान शुरू किया.

गोलीबारी के बीच संभाले रखा मोर्चा

अभियान के दौरान आतंकवादियों और सुरक्षा बलों के बीच भीषण मुठभेड़ शुरू हो गई. आतंकवादी एक मकान के भीतर छिपे हुए थे, जिससे अभियान और अधिक चुनौतीपूर्ण हो गया. ऐसे कठिन हालात में सद्दाम हुसैन ने लगातार हो रही गोलीबारी के बीच मोर्चा संभाले रखा और अपनी स्थिति नहीं छोड़ी.

जब मकान के प्रवेश द्वार को तोड़ना आवश्यक हो गया, तब आगे बढ़कर मात्र 25 मीटर की दूरी से अंडर बैरल ग्रेनेड लॉन्चर यानी यूबीजीएल का सटीक राउंड दागा. यह निशाना सीधे एक आतंकवादी को लगा, जो बाद में मृत पाया गया.: सद्दाम हुसैन, जवान

शौर्य चक्र से सम्मानित सद्दाम हुसैन

सद्दाम हुसैन की वीरता, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्र सेवा के प्रति समर्पण को देखते हुए उन्हें शौर्य चक्र से सम्मानित किया गया है. सम्मान मिलने के बाद बोकारो में उनके परिवार और क्षेत्रवासियों में गर्व और खुशी का माहौल है. उनके माता-पिता और पत्नी ने कहा कि देश सेवा के लिए मिले इस सम्मान से पूरा परिवार गौरवान्वित है. पिता ने कहा कि यही चाहता हूं कि देश की सेवा करे और हमारा देश सुरक्षित रहे.

बोकारो के बेटे सद्दाम हुसैन ने अपने साहस और शौर्य से न सिर्फ जिले बल्कि पूरे देश का मान बढ़ाया है. उनका यह सम्मान देश के युवाओं और सुरक्षा बलों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गया है.

Read more

Local News