रांचीः रांची जिला क्रिकेट संघ की अंडर-19 महिला खिलाड़ी कुमारी पलक का चयन भारतीय अंडर-19 महिला क्रिकेट टीम में हुआ है. श्रीलंका अंडर-19 महिला टीम के भारत दौरे के लिए घोषित भारतीय टीम में पलक को टी-20 और एकदिवसीय दोनों प्रारूपों के लिए चुना गया है. इस उपलब्धि के साथ पलक रांची जिला क्रिकेट संघ की ओर से भारतीय महिला टीम का प्रतिनिधित्व करने वाली पहली महिला क्रिकेटर बन गई हैं.
रांची जिला क्रिकेट संघ के सचिव शैलेन्द्र कुमार ने इसे जिले और राज्य के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए कहा कि पलक पिछले कई वर्षों से लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही थीं. जिला और राज्य स्तर की प्रतियोगिताओं में उनके शानदार खेल का ही परिणाम है कि उन्हें अब भारतीय टीम में जगह मिली है.
पलक की क्रिकेट यात्रा ओरमांझी क्रिकेट क्लब से शुरू हुई थी. उनके कोच पंक्षित कुमार महतो के मार्गदर्शन में उन्होंने क्रिकेट की बारीकियां सीखीं और लगातार अपने खेल में निखार लाया. आज भी वह उन्हीं के निर्देशन में अभ्यास कर रही हैं. उनके चयन से ओरमांझी क्षेत्र और स्थानीय क्रिकेट जगत में खुशी का माहौल है.
मूल रूप से देवघर जिला के दुर्गा बाड़ी मंदिर क्षेत्र की रहने वाली पलक पिछले लगभग 14 वर्षों से रांची में रह रही हैं. वर्तमान में वह राम टहल इंटर कॉलेज, ओरमांझी में अध्ययनरत हैं. सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने अपने क्रिकेट सपने को कभी कमजोर नहीं पड़ने दिया.
पलक की सफलता के पीछे उनकी मां संगीता भगत की महत्वपूर्ण भूमिका रही है, जो महिला थाना में कार्यरत हैं. पलक के पिता अब इस दुनिया में नहीं हैं लेकिन उनकी मां ने हर परिस्थिति में उनका हौसला बढ़ाया और क्रिकेट में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया. आज पलक ने अपने परिवार, कोच, जिला और पूरे झारखंड का नाम रोशन किया है.
बता दें कि श्रीलंका अंडर-19 महिला टीम के खिलाफ होने वाली श्रृंखला युवा खिलाड़ियों के लिए अपनी प्रतिभा दिखाने का बड़ा मंच होगा. झारखंड के क्रिकेट प्रेमियों को उम्मीद है कि कुमारी पलक भारतीय टीम के लिए शानदार प्रदर्शन कर राज्य का गौरव और बढ़ाएंगी. उनके चयन पर रांची जिला क्रिकेट संघ, खेल प्रेमियों और क्रिकेट जगत से जुड़े लोगों ने बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं.
रांची जिला क्रिकेट संघ के सचिव शैलेन्द्र कुमार ने कहा कि कुमारी पलक का भारतीय अंडर-19 टीम में चयन रांची जिला क्रिकेट संघ के लिए गर्व का क्षण है. वह कई वर्षों से लगातार मेहनत कर रही थीं और जिला स्तर से लेकर राज्य स्तर तक शानदार प्रदर्शन कर रही थीं. उनके चयन ने साबित कर दिया है कि झारखंड की बेटियां भी देश के लिए खेलने का सपना साकार कर सकती हैं.
हमें विश्वास है कि पलक श्रीलंका के खिलाफ होने वाली श्रृंखला में बेहतरीन प्रदर्शन कर भारत और झारखंड का नाम रोशन करेंगी. यह उपलब्धि जिले की अन्य युवा महिला खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगी.


