समस्तीपुर : क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी का जितना बल्ला रन बरसाएगा उतना ही पेड़ बिहार के समस्तीपुर में लगाया जाएगा. ये पहल वैभव सूर्यवंशी के ब्लास्टर परफॉर्मेंस को देखते हुए जिले के कुछ संगठनों ने मुहिम चलाई है. गुरुवार को विश्व पर्यावरण दिवस पर इसके लिए इन संगठनों ने संकल्प भी लिया है.
वैभव सूर्यवंशी के जितने रन उतने पेड़ लगेंगे : हाल में संपन्न हुए टाटा IPL में वैभव सूर्यवंशी ने अपने बल्ले से 776 रन बनाकर न सिर्फ सुर्खियां बटोरीं बल्कि उन्होंने कई रिकॉर्ड भी खड़े कर दिए. क्रिकेट के बड़े-बड़े दिग्जों ने उनके खेल को देखते हुए उनकी तारीफ की और ये तक कह दिया कि भले ही IPL 2026 की विनर आरसीबी रही हो लेकिन जीत वैभव सूर्यवंशी ने हासिल की.
आईपीएल में वैभव सूर्यवंशी ने ध्वस्त किए कई रिकॉर्ड : अपनी कम उम्र में ही मैदान में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया. मैदान पर इस बार वैभव सूर्यवंशी ने रिकॉर्डतोड़ 72 लंबे-लंबे छक्के लगाए. सिर्फ छक्कों से ही वैभव सूर्यवंशी ने रनों का इतना पहाड़ खड़ा कर दिया कि बड़े-बड़े क्रिकेटर उनके छक्के के स्कोर की बराबरी भी न कर सके.
वैभव के स्कोर के बराबर 776 पेड़ लगेंगे : इस आईपीएल में वैभव सूर्यवंशी को सर्वाधिक 776 रन बनाने पर ऑरेंज कैप मिली. इसलिए विश्व पर्यावरण दिवस पर ‘द एलिट सोसायटी’ ने वैभव की उस उपलब्धि को सम्मान देने के लिए ‘776 पेड़ वैभव के नाम’ अभियान की शुरूआत की है. इसी साल जिले के कई स्थानों पर 776 पेड़ लगाए जाएंगे.
हो गई नई पहल की शुरुआत : इसकी औपचारिक शुरुआत भी विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर आंवला, आम, लीची समेत 25 औषधीय एवं छायादार पौधों के रोपण के साथ हुई. सोसायटी के अध्यक्ष जितेंद्र कुमार की मानें तो, जुलाई माह तक चलने वाले इस विशेष अभियान का उद्देश्य केवल वैभव सूर्यवंशी की ऐतिहासिक उपलब्धि का सम्मान, साथ ही पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करना है.
वैभव रन बरसाएगा धरती पर पेड़ लगता जाएगा : कहते हैं, खेल और प्रकृति दोनों समाज को नई ऊर्जा देते हैं. इसी वजह से ‘द एलिट सोसायटी’ संस्था के द्वारा जिस तरह वैभव सूर्यवंशी की सफलता को हरियाली से जोड़ने का निर्णय लिया गया. वैभव सूर्यवंशी का पैतृक गांव समस्तीपुर का ताजपुर है इसलिए भी इस अभियान की ख़ास चर्चा है.
वैभव सूर्यवंशी टीम इंडिया में चयन : भारतीय टीम में वैभव सूर्यवंशी की एंट्री हो गई है. आयरलैंड के खिलाफ इंडियन टीम को T-20 के दो मुकाबले खेलने हैं. इसके बाद इंग्लैंड दौरे पर टीम इंडिया टी-20 के पांच मुकाबले और तीन वन डे मुकाबले खेलेगी. वहीं सितंबर-अक्टूबर में जापान में होने वाले एशियन गेम्स में भी वैभव सूर्यवंशी भारतीय टीम की तरफ से बल्ले की धमक दिखाएंगे.


