रांचीः जेपीएससी सिविल जज (जूनियर डिविजन) प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा 2023 का रिजल्ट आखिरकार परीक्षा के दो वर्ष बाद जारी कर दिया गया है. यह परीक्षा 10 मार्च 2024 को रांची सहित राज्य के विभिन्न शहरों में आयोजित की गई थी. झारखंड लोक सेवा आयोग द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार सर्वोच्च न्यायालय द्वारा 9 फरवरी 2026 को पारित आदेश के आलोक में संशोधित उत्तर कुंजी तैयार की गई, जिसके आधार पर 10 मार्च 2024 को आयोजित प्रारंभिक परीक्षा का संशोधित परिणाम प्रकाशित किया गया है.
झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) ने सिविल जज (जूनियर डिवीजन) प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा-2023 (विज्ञापन संख्या 2022/23) का संशोधित परीक्षा परिणाम जारी कर दिया है. आयोग ने स्पष्ट किया है कि यह परिणाम झारखंड उच्च न्यायालय में लंबित विभिन्न मामलों के अंतिम निर्णय पर निर्भर करेगा, जिनमें सिविल रिव्यू (फाइलिंग) नंबर 1736/2026 और अन्य संबंधित याचिकाएं शामिल हैं.
पीटी में 1844 अभ्यर्थी हुए सफल
जेपीएससी द्वारा वर्ष 2023 में सिविल जज के 138 रिक्त पदों पर भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किया गया था. आयोग द्वारा प्रकाशित रिजल्ट को अभ्यर्थी जेपीएससी की आधिकारिक वेबसाइट www.jpsc.gov.in पर देख सकते हैं. इस परीक्षा में 1844 अभ्यर्थी मुख्य परीक्षा के लिए सफल हुए हैं. आयोग ने स्पष्ट किया है कि यदि परिणाम में किसी प्रकार की त्रुटि या टंकण संबंधी गलती पाई जाती है तो उसमें आवश्यक संशोधन करने का अधिकार आयोग के पास सुरक्षित रहेगा. गौरतलब है कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर पिछले दिनों जेपीएससी ने इस परीक्षा से संबंधित फाइनल उत्तर कुंजी जारी की थी.


