गूगल ने अमेरिका में क्रिएटर्स और पब्लिशर्स के लिए एक नया और बेहद खास फीचर लॉन्च किया है. इस नए फीचर का नाम सर्च प्रोफाइल है. यह फीचर क्रिएटर्स और पब्लिशर्स को यह फैसला करने का मौका देता है कि गूगल सर्च में उनकी पहचान किस तरह दिखाई दे. इस नए फीचर के जरिए क्रिएटर्स और पब्लिशर्स एक केंद्रीय और शेयर करने योग्य प्रोफाइल बना सकते हैं, जहां वो अपने लेटेस्ट आर्टिकल्स, वीडियो और सोशल मीडिया पोस्ट को एक जगह दिखा सकते हैं.
इस प्रोफाइल को फॉलो करने का ऑप्शन भी यूज़र्स को मिलेगा, जिससे क्रिएटर का कंटेंट सीधे गूगल डिस्कवर पर दिखने लगेगा. गूगल डिस्कवर एक ऐसा पर्सनलाइज़्ड फीड है, जो गूगल ऐप की होम स्क्रीन पर दिखाई देता है. सर्च प्रोफाइल को मोबाइल पर किसी क्रिएटर के नॉलेज पैनल से, डिस्कवर पर उनका नाम टैप करके या सीधे यूआरएल के जरिए एक्सेस किया जा सकता है. गूगल ने यह भी बताया कि इस फीचर को आने वाले समय में दुनियाभर के और भी क्रिएटर्स तक पहुंचाया जाएगा.
Search Profile बनाने के लिए जरूरी योग्यता
फिलहाल, इस फीचर को सभी के लिए पेश नहीं किया गया है. गूगल ने इसके लिए कुछ जरूरी शर्तें तय की है. सर्च प्रोफाइल बनाने के लिए क्रिएटर या पब्लिशर के पास नीचे दिए गए किसी एक प्लेटफॉर्म पर कम से कम इतने फॉलोअर्स होने जरूरी हैं:
- YouTube: 1,00,000 सब्सक्राइबर्स
- Instagram: 1,00,000 फॉलोअर्स
- X (Twitter): 1,00,000 फॉलोअर्स
- TikTok: 3,00,000 फॉलोअर्स
इसके अलावा क्रिएटर की उम्र कम से कम 18 साल होनी चाहिए और कंटेंट गूगल की पॉलिसी गाइडलाइन्स के मुताबिक होना चाहिए. प्रोफाइल बन जाने के बाद इसे अवतार, बायोग्राफी, वेबसाइट लिंक, सोशल मीडिया हैंडल और वीडियो प्लेटफॉर्म अकाउंट्स से कस्टमाइज किया जा सकता है. जिन क्रिएटर्स का पहले से नॉलेज पैनल मौजूद है, उनका पैनल अपडेटेड अवतार, ताजे कंटेंट और नई प्रोफाइल के डायरेक्ट लिंक के साथ और बेहतर हो जाएगा.
Google Search Profile कैसे बनाएं?
स्टेप 1: profile.google.com/claim पर जाएं.
स्टेप 2: अब उस गूगल अकाउंट को साइन इन करें जिसे आप अपनी प्रोफाइल के लिए इस्तेमाल करना चाहते हैं. अगर आपका यूट्यूब चैनल है तो वही अकाउंट यूज़ करें.
स्टेप 3: कम से कम एक ऐसे कंटेंट प्लेटफॉर्म अकाउंट में साइन इन करें जो मिनिमम फॉलोअर की शर्त पूरी करता हो.
स्टेप 4: अगर उस अकाउंट से पहले से कोई अनक्लेम्ड प्रोफाइल जुड़ी है तो गूगल आपको नोटिफिकेशन भेजेगा. उसे क्लेम करने से पहले उससे जुड़े बाकी अकाउंट्स जरूर देख लें.
स्टेप 5: चाहें तो अपनी प्रोफाइल में और कंटेंट प्लेटफॉर्म अकाउंट्स जोड़ सकते हैं.
स्टेप 6: आपकी प्रोफाइल का हैंडल आपके सबसे ज्यादा फॉलो किए जाने वाले लिंक्ड अकाउंट से सिंक होगा. अगर वह हैंडल पहले से लिया जा चुका है तो गूगल अगले सबसे ज्यादा फॉलो किए जाने वाले अकाउंट का हैंडल इस्तेमाल करेगा.
स्टेप 7: अब Create Profile पर क्लिक करें.
इस तरह से आप अपनी सर्च प्रोफाइल बना सकते हैं. अब अगर आपने पहले से ही किसी सर्च प्रोफाइल को बना रखा है तो उसे चेक कैसे करें? आइए हम आपको उसके लिए भी स्टेप्स बताते हैं:
स्टेप 1: profile.google.com पर जाएं और अपने क्रिएटर वर्क वाले Google Account से साइन इन करें.
स्टेप 2: या फिर Google Search में अपना नाम या क्रिएटर हैंडल सर्च करें.
स्टेप 3: अगर Knowledge Panel दिखे तो उसके बगल में More पर क्लिक करें और फिर View Search Profile पर क्लिक करें.
स्टेप 4: अगर आपकी एक से ज्यादा ऑनलाइन पहचान है जैसे पर्सनल ब्रांड और पॉडकास्ट, तो हर एक के लिए इसी प्रोसेस को रिपीट करें. गूगल हर पहचान के लिए अलग प्रोफाइल भी बना सकता है.


