Tuesday, June 2, 2026

Atlas Menu डेटा लीक ने दिखाया कि सुरक्षा के बड़े दावे करने वाले प्लेटफॉर्म भी साइबर हमलों से पूरी तरह सुरक्षित नहीं.

Share

Grand Theft Auto V यानी GTA V की ऑनलाइन दुनिया से एक बड़े साइबर अटैक की घटना सामने आई है. कथित तौर पर लोकप्रिय चीटिंग प्लेटफॉर्म Atlas Menu पर एक बड़ा डेटा लीक हुआ है, जिससे वो एक बड़े डेटा ब्रीच का शिकार हो गया है. इस साइबर अटैक के कारण हजारों यूज़र्स की निजी जानकारी इंटरनेट पर लीक होने की ख़बर सामने आई है. यह मामला गेमिंग समुदाय में चर्चा का विषय बन गया है, क्योंकि Atlas Menu खुद को सुरक्षित और प्राइवेसी-फोकस्ड सर्विस के रूप में प्रमोट करता रहता है.

डेटा ब्रीच ट्रैक करने वाली वेबसाइट Have I Been Pwned (HIBP) के अनुसार, इस घटना में लगभग 64,000 यूजर अकाउंट प्रभावित हुए हैं. रिपोर्ट्स बताती हैं कि लीक हुए डेटा में ईमेल एड्रेस, यूजरनेम, एन्क्रिप्टेड या स्क्रैम्बल्ड पासवर्ड, आईपी एड्रेस और ग्राहक सहायता से जुड़े टिकट शामिल हो सकते हैं. साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि इस प्रकार की जानकारी गलत हाथों में पहुंचने पर यूजर्स को अतिरिक्त ऑनलाइन जोखिमों यानी खतरों का सामना करना पड़ सकता है.

क्या-क्या जानकारी हुई लीक?

अभी तक उपलब्ध रिपोर्ट्स के अनुसार, हमलावर ने Atlas Menu का डेटाबेस हासिल करने के बाद उसे सार्वजनिक रूप से शेयर कर दिया. बताया जा रहा है कि चोरी किया गया डेटा GitHub पर भी पब्लिश किया गया था, जिससे बड़ी संख्या में लोगों की जानकारी सामने आने का खतरा बढ़ गया.

हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं है कि सभी प्रभावित अकाउंट्स की जानकारी पूरी तरह सार्वजनिक हुई या नहीं, लेकिन सिक्योरिटी एक्सपर्ट्स ऐसे मामलों में तुरंत पासवर्ड बदलने और अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर एक ही पासवर्ड इस्तेमाल न करने की सलाह देते हैं. अगर किसी यूजर ने Atlas Menu के लिए इस्तेमाल किया गया पासवर्ड अन्य सर्विसेज़ पर भी लगाया है, तो उसे उन अकाउंट्स सुरक्षा की भी जांच करनी चाहिए.

विवाद और सुरक्षा दावों पर उठे सवाल

इस घटना का सबसे दिलचस्प पहलू यह है कि Atlas Menu अपनी वेबसाइट पर एडवांस्ड एन्क्रिप्शन और बेहतर प्राइवेसी सिक्योरिटी का दावा करता था. ऐसे में डेटा लीक की खबर ने उसके सुरक्षा दावों की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े कर दिए हैं.

कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि यह हमला किसी बड़े साइबर अभियान का हिस्सा नहीं था, बल्कि कथित तौर पर एक व्यक्तिगत विवाद और धोखाधड़ी से जुड़े आरोपों के कारण किया गया हो सकता है. हालांकि इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है.

फिलहाल, Atlas Menu की वेबसाइट उपलब्ध नहीं है और कंपनी की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है. यह भी क्लियर नहीं है कि सर्विस चलाने वाले को डेटा ब्रीच की जानकारी कब मिली और क्या प्रभावित यूजर्स को इसकी सूचना दी गई. इस घटना ने एक बार फिर यह दिखाया है कि ऑनलाइन सर्विसेज़ पर भरोसा करने से पहले उनकी सुरक्षा व्यवस्था की गंभीरता से जांच करना कितना जरूरी है.

Read more

Local News