रांचीः झारखंड में महिला क्रिकेट को नई दिशा देने की पहल के तहत झारखंड विमेंस टी20 टूर्नामेंट 2026 का आयोजन 3 जून से जेएससीए स्टेडियम परिसर स्थित ओवल ग्राउंड में किया जाएगा. इस प्रतियोगिता में राज्य की चार टीमें (पलामू वॉरियर्स, संथाल चैलेंजर्स, कोल्हान डायनामोज और छोटानागपुर ब्लास्टर्स) खिताब के लिए मुकाबला करेंगी.
इस टूर्नामेंट का आयोजन 3 जून से 7 जून तक होगा. प्रतियोगिता के दौरान प्रतिदिन दो मैच खेले जाएंगे. पहला मुकाबला सुबह 8:30 बजे और दूसरा मुकाबला दोपहर 12:30 बजे से शुरू होगा. 6 जून को विश्राम दिवस रखा गया है. वहीं, 7 जून को फाइनल मुकाबला लीग चरण में प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली टीमों के बीच खेला जाएगा.
जेएससीए की ओर से बताया गया है कि इस टूर्नामेंट का लाइव स्ट्रीमिंग भी किया जाएगा. जिससे राज्यभर के क्रिकेट प्रेमी और खिलाड़ियों के परिजन मुकाबलों का सीधा प्रसारण देख सकेंगे. यह पहल महिला क्रिकेटरों को व्यापक पहचान दिलाने के साथ-साथ उनके प्रदर्शन को बड़े मंच तक पहुंचाने में मददगार साबित होगी.
जेएससीए के संयुक्त सचिव शहबाज नदीम ने कहा कि झारखंड में महिला क्रिकेट का स्तर लगातार बेहतर हो रहा है और संघ खिलाड़ियों को अधिक से अधिक प्रतिस्पर्धात्मक अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है. उन्होंने कहा कि यह टूर्नामेंट महिला खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतरीन मंच प्रदान करेगा. हमारा प्रयास है कि राज्य की अधिक से अधिक महिला क्रिकेटरों को उच्च स्तर की प्रतिस्पर्धा मिले, ताकि वे भविष्य में झारखंड और देश का प्रतिनिधित्व कर सकें.
नदीम ने कहा कि महिला क्रिकेट के विकास के लिए नियमित प्रतियोगिताओं का आयोजन बेहद जरूरी है. इसी सोच के तहत जेएससीए लगातार खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं और प्रतिस्पर्धी माहौल उपलब्ध कराने का प्रयास कर रहा है. उन्होंने उम्मीद जताई कि इस टूर्नामेंट से कई नई प्रतिभाएं सामने आएंगी, जो आने वाले समय में राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाएंगी.
झारखंड क्रिकेट संघ का मानना है कि इस तरह की प्रतियोगिताएं न केवल खिलाड़ियों के कौशल को निखारती हैं, बल्कि महिला क्रिकेट के प्रति युवतियों की रुचि भी बढ़ाती हैं. ऐसे में आगामी दिनों में यह टूर्नामेंट राज्य की महिला क्रिकेट प्रतिभाओं के लिए एक महत्वपूर्ण मंच साबित हो सकता है.


