Monday, May 25, 2026

IPL 2026 के प्लेऑफ में पहुंचने वाली चारो टीमों ने एक-एक बार खिताब अपने नाम कर चुकी हैं.

Share

इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के प्लेऑफ में पहुंचने वाली टीमों को लेकर अब पूरी तस्वीर साफ हो गई है. रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB), गुजरात टाइटन्स (GT), सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) और राजस्थान रॉयल्स (RR) प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई कर चुकी हैं. खास बात ये है कि ये चारों टीमें अब तक एक-एक बार आईपीएल टाइटल अपने नाम कर चुकी है. इस बार जो भी टीम फाइनल मैच जीतेगी वो दूसरी बार चैंपियन बन जाएगी.

IPL 2026 पॉइंट्स टेबल
अंक तालिका में टॉप-3 के पॉइंट्स 18-18 हैं. लेकिन बेहतर नेट रन रेट की वजह से RCB सबसे ऊपर पहले नंबर पर है, उसके बाद गुजरात दूसरे और हैदराबाद तीसरे स्थान पर है. वहीं राजस्थान 16 अंको के साथ चौथे स्थान पर है. इसके अलावा पंजाब किंग्स 15 पॉइंट्स के साथ पांचवें नंबर पर है, जबकि दिल्ली कैपिटल्स 14 अंक हासिल करके छठे स्थान पर पहुंच गई. वहीं केकेआर 13 पॉइंट्स के साथ सातवें नंबर पर रहकर अपने अभियान को समाप्त किया. चेन्नई सुपर किंग्स 12 अंको के साथ 8वें, मुंबई और लखनऊ 8-8 पॉइंट्स के साथ 9वें और 10वें नंबर पर रहीं.

IPL 2026 प्लेऑफ की जंग
आईपीएल 2026 के लीग मैच खत्म होने के बाद 26 मई से प्लेऑफ की जंग शुरू हो जाएगी, जिसमें फाइनल समेत कुल 4 मैच खेले जाएंगे. आइए जानते हैं कि ये मैच कब और कहां खेले जाएंगे?

क्वालीफायर-1 (RCB vs GT)
टेबल टॉपर RCB और GT क्वालीफायर-1 में एक-दूसरे का सामना करेंगी. इस मैच की विजेता टीम सीधे फाइनल में पहुंच जाएगी. इसीलिए दोनों टीमें इस मैच को बहुत अहम मान रही हैं. वे इस मैच को जीतकर सबसे पहले फाइनल में अपनी जगह पक्की करने की पूरी कोशिश करेंगी. लेकिन हारने वाली टीम को एक और मौका मिलेगा. यह अहम मैच मंगलवार (26 मई) को धर्मशाला में खेला जाएगा. शाम 7 बजे टॉस होगा और 7:30 बजे मैच शुरू होगा.

एलिमिनेटर (SRH vs RR)
सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स, जो पॉइंट्स टेबल में तीसरे और चौथे नंबर पर हैं, एलिमिनेटर मैच में एक-दूसरे का सामना करेंगे, लेकिन, यहां हारने वाली टीम को दूसरा मौका नहीं मिलेगा वो सीधे टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगी. इसीलिए ये मैच भी दोनों टीमों के लिए काफी ज्यादा महत्वपूर्ण है. जीतने वाली टीम क्वालीफायर-2 में जाएगी. यह मैच बुधवार (27 मई) को चंडीगढ़ में शाम 7:30 बजे से शुरू होगा.

क्वालीफायर-2 (TBD vs TBD)
क्वालीफायर-1 में हारने वाली टीम और एलिमिनेटर जीतने वाली टीम क्वालीफायर-2 में एक-दूसरे का सामना करेंगी. यहां जीतने वाली टीम खिताबी जंग के लिए क्वालीफाई कर जाएगी. उसके बाद, फाइनल जीतने वाली टीम चैंपियन बनेगी. इस हिसाब से, तीसरे और चौथे नंबर पर रहने वाली टीमों को चैंपियन बनने के लिए लगातार तीन मैच जीतने होंगे. क्वालीफायर-2 मैच 29 मई (शुक्रवार) को चंडीगढ़ में होगा, और फाइनल मैच 31 मई (रविवार) को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा.

IPL 2026 प्लेऑफ का पूरा शेड्यूल

क्वालीफायर-1: 26 मई – रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर बनाम गुजरात टाइटंस – धर्मशाला

एलिमिनेटर: 27 मई – सनराइजर्स हैदराबाद बनाम राजस्थान रॉयल्स – चंडीगढ़

क्वालीफायर-2: 29 मई – क्वालीफायर 1 की उप-विजेता बनाम एलिमिनेटर की विजेता टीम – चंडीगढ़

फाइनल: 31 मई – क्वालीफायर 1 के विजेता बनाम क्वालीफायर 2 के विजेता – अहमदाबाद

प्लेऑफ के मैच कब और कहां देखें?
इस बीच, इस सीजन के लीग मैचों की तरह ही, प्लेऑफ के मैच भी स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क के चैनलों पर लाइव देखे जा सकते हैं. इसके अलावा मैच की लाइव स्ट्रीमिंग जियो स्टार पर भी उपलब्ध होगी. प्लेऑफ के मैच भारतीय समय के अनुसार शाम 7:30 बजे से शुरू होंगे. जबकि टॉस मैच शुरू होने से आधा घंटा पहले 7 बजे होगा.

Read more

Local News