Monday, May 25, 2026

रांची में आयोजितत 29वीं नेशनल सीनियर एथलेटिक्स फेडरेशन प्रतियोगिता के पोल वॉल्ट में नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बना.

Share

रांचीः राजधानी रांची में आयोजित 29वीं नेशनल सीनियर एथलेटिक्स फेडरेशन प्रतियोगिता के चौथे दिन पुरुष पोल वॉल्ट स्पर्धा में इतिहास बन गया. मध्य प्रदेश के एथलीट देव कुमार मीणा और कुलदीप कुमार ने 5.45 मीटर की ऊंचाई पार करते हुए नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड अपने नाम किया. दोनों खिलाड़ियों ने भारत के पुरुष पोल वॉल्ट का पुराना राष्ट्रीय रिकॉर्ड 5.41 मीटर तोड़ दिया. यह रिकॉर्ड हाल ही में कुलदीप कुमार ने भुवनेश्वर में बनाया था.

हालांकि दोनों खिलाड़ियों ने समान ऊंचाई पार की लेकिन काउंटडाउन नियम के आधार पर देव कुमार मीणा को स्वर्ण पदक मिला, जबकि कुलदीप कुमार को रजत पदक से संतोष करना पड़ा. दोनों खिलाड़ियों ने 2026 राष्ट्रमंडल खेलों के लिए निर्धारित 5.25 मीटर का क्वालीफिकेशन मार्क भी हासिल कर लिया. इससे पहले प्रतियोगिता रिकॉर्ड 5.35 मीटर था, जिसे पिछले वर्ष देव कुमार मीणा ने बनाया था.

History in men pole vault event at 29th National Senior Athletics Federation Championships in Ranchi

देव कुमार मीणा और कुलदीप कुमार केवल प्रतिस्पर्धी ही नहीं बल्कि करीबी दोस्त और ट्रेनिंग पार्टनर भी हैं. प्रतियोगिता के बाद देव कुमार ने कहा कि यह दोनों के लिए शानदार दिन रहा और भविष्य में भी वे एक-दूसरे को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करते रहेंगे.

रविवार को जहां ट्रैक इवेंट्स के बजाय फील्ड इवेंट्स आकर्षण का केंद्र रहे. वहीं लंबी कूद में भारत के स्टार एथलीट मुरली श्रीशंकर ने 8.08 मीटर की छलांग लगाकर स्वर्ण पदक जीता. उनका प्रदर्शन राष्ट्रमंडल खेलों के क्वालीफिकेशन मार्क 8.05 मीटर से बेहतर रहा.

History in men pole vault event at 29th National Senior Athletics Federation Championships in Ranchi

पुरुष हाई जंप में महाराष्ट्र के सर्वेश अनिल कुशारे ने दबदबा कायम रखा. उन्होंने 2.28 मीटर की ऊंचाई पार कर स्वर्ण पदक जीता और राष्ट्रमंडल खेलों के लिए निर्धारित 2.22 मीटर का क्वालीफिकेशन मार्क हासिल किया. सर्वेश ने तेजस्विन शंकर के मीट रिकॉर्ड की बराबरी भी की. उन्होंने राष्ट्रीय रिकॉर्ड 2.29 मीटर को तोड़ने के लिए 2.30 मीटर की कोशिश की लेकिन तीनों प्रयासों में असफल रहे. तमिलनाडु के आदर्श राम ने 2.22 मीटर की छलांग के साथ रजत पदक जीता और राष्ट्रमंडल खेलों के लिए क्वालीफाई किया.

पुरुष 110 मीटर बाधा दौड़ में रिलायंस के तेजस अशोक शिर्से ने 13.50 सेकंड के समय के साथ स्वर्ण पदक जीता. उन्होंने अपना ही मीट रिकॉर्ड 13.61 सेकंड से बेहतर किया लेकिन राष्ट्रमंडल खेलों के लिए निर्धारित 13.39 सेकंड के क्वालीफिकेशन समय से चूक गए.

महिलाओं की 10,000 मीटर रेस वॉक में हरियाणा की रवीना ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 44 मिनट 29.66 सेकंड का समय निकाला और स्वर्ण पदक अपने नाम किया. उनका समय राष्ट्रमंडल खेलों के क्वालीफिकेशन समय 44:44.58 सेकंड से बेहतर रहा. महिलाओं की 100 मीटर बाधा दौड़ में तमिलनाडु की नंदिनी ने 13.24 सेकंड के समय के साथ स्वर्ण पदक जीता. ओडिशा की प्रज्ञान प्रशांति साहू दूसरे और जेएसडब्ल्यू की अंजलि सी तीसरे स्थान पर रहीं.

महिलाओं की हैमर थ्रो स्पर्धा में पंजाब की मनप्रीत कौर ने 59.08 मीटर के थ्रो के साथ स्वर्ण पदक हासिल किया. रेलवे स्पोर्ट्स की कुलविंदर कौर दूसरे और ओडिशा की दिव्या शांडिल्य तीसरे स्थान पर रहीं.

रांची में चल रही यह राष्ट्रीय प्रतियोगिता लगातार नए रिकॉर्ड और बेहतरीन प्रदर्शन की गवाह बन रही है. खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन से यह साफ संकेत मिल रहा है कि भारतीय एथलेटिक्स अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है.

Read more

Local News