मधुबनी के लौकहा बाजार रेलवे स्टेशन पर वाशिंग पिट और शंटिंग लाइन के निर्माण का टेंडर जारी हो गया है, जिससे नेपाल सीमा तक लंबी दूरी की ट्रेनों का परिचालन संभव होगा। इस परियोजना कनेक्टिविटी और अर्थव्यवस्था मजबूत होगी।
पटना। बिहार के सीमावर्ती इलाकों और नेपाल बॉर्डर से जुड़े लाखों रेल यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है।
मधुबनी जिले के लौकहा बाजार रेलवे स्टेशन पर वाशिंग पिट और शंटिंग लाइन के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। रेलवे ने इसके लिए टेंडर जारी कर दिया है।
जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष व राज्यसभा सदस्य संजय कुमार झा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी साझा की है।
15 महीने में पूरा होगा निर्माण
उन्होंने बताया है कि टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद करीब 15 महीनों में निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा। संभावना है कि वर्ष 2027 के उत्तरार्द्ध तक यह परियोजना धरातल पर दिखने लगेगी।
नेपाल सीमा के नजदीक स्थित लौकहा बाजार रेलवे स्टेशन पर वाशिंग पिट बनने के बाद यहां से लंबी दूरी की ट्रेनों का परिचालन शुरू हो सकेगा।
अभी इस स्टेशन से सीमित रेल सेवाएं उपलब्ध हैं, लेकिन नई सुविधा मिलने के बाद उत्तर बिहार और सीमावर्ती जिलों के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।
रेल मंत्री को सौंपा गया था ज्ञापन
इससे क्षेत्र की रेल संपर्कता मजबूत होगी और व्यापार, पर्यटन व स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।
संजय कुमार झा ने बताया कि उन्होंने 12 सितंबर 2024 को नई दिल्ली में रेल मंत्री अश्विन वैष्णव से मुलाकात कर उत्तर बिहार में रेल नेटवर्क विस्तार, ट्रेनों की संख्या बढ़ाने और यात्री सुविधाओं को मजबूत करने को लेकर विस्तृत ज्ञापन सौंपा था
उसी ज्ञापन में लौकहा बाजार रेलवे स्टेशन पर वाशिंग पिट निर्माण की मांग भी शामिल थी। उन्होंने इस परियोजना को मिथिलांचल और सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए रेल मंत्री का आभार जताया।


