दुमकाः बिहार के अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण मंत्री लखेंद्र कुमार रोशन शनिवार को परिवार समेत दुमका के बाबा बासुकीनाथ धाम मंदिर पहुंचे. इस दौरान उन्होंने बाबा भोलेनाथ और माता पार्वती की पूजा-अर्चना की. मंदिर के पंडा-पुरोहितों ने उन्हें विधि-विधान पूर्वक बाबा भोलेनाथ, माता पार्वती और अन्य देवी-देवताओं की पूजा कराई.
- इस दौरान मंत्री ने विश्व कल्याण के लिए भोलेनाथ की मंगल आरती भी की. मंत्री के आगमन को लेकर मंदिर परिसर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे. साथ ही पुलिस प्रशासन की ओर से भी चाक-चौबंद व्यवस्था की गई थी. जगह-जगह पुलिस जवानों की तैनाती की गई थी. पूजा अर्चना के बाद मंत्री को वन विभाग के विश्रामगृह में जिला प्रशासन की ओर से ओर से अल्पाहार कराया गया. इसके बाद मंत्री अपने गंतव्य की ओर प्रस्थान कर गए.
इसके पूर्व मीडिया से बातचीत में बिहार के अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण मंत्री लखेंद्र कुमार रोशन ने कहा कि उन्होंने बाबा फौजदारी की पूजा कर बिहार और झारखंड के विकास और दोनों राज्यों की समृद्धि की कामना की है. वहीं बासुकीनाथ पहुंचने पर बिहार के मंत्री का स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार तरीके से फूल माला पहनाकर स्वागत किया.


