रांचीः राजधानी रांची एक बार फिर राष्ट्रीय खेल मानचित्र पर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराने जा रही है. मोरहाबादी स्थित बिरसा मुंडा एथलेटिक्स स्टेडियम में 22 से 25 मई तक 29वीं राष्ट्रीय सीनियर एथलेटिक्स फेडरेशन प्रतियोगिता 2026 का आयोजन किया जाएगा.
भारतीय एथलेटिक्स महासंघ (AFI) के निर्देश पर झारखंड एथलेटिक्स संघ, खेल विभाग और राज्य सरकार के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने वाली इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में देशभर के करीब 700 खिलाड़ी और 150 तकनीकी पदाधिकारी हिस्सा लेंगे.
प्रतियोगिता को लेकर झारखंड एथलेटिक्स संघ की ओर से आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में आयोजन से जुड़ी विस्तृत जानकारी साझा की गई. प्रेस वार्ता में साउथ एशियन एथलेटिक्स फेडरेशन (SAAF) के अध्यक्ष डॉ. ललित भनोट, अंतर्राष्ट्रीय एथलीट तेजस्विन शंकर, अनिमेष कुजूर और जयकुमार मौजूद रहे. सभी ने इस प्रतियोगिता को भारतीय एथलेटिक्स के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए खिलाड़ियों के प्रदर्शन और चयन प्रक्रिया पर विस्तार से चर्चा की.
कई अंतर्राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी लेंगे भाग
आयोजकों के अनुसार इस प्रतियोगिता में कई ओलंपियन, एशियन गेम्स पदक विजेता और अंतर्राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी भाग लेने वाले हैं. प्रतियोगिता केवल राष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धा नहीं होगी, बल्कि आने वाले बड़े अंतर्राष्ट्रीय आयोजनों के लिए खिलाड़ियों के चयन का भी प्रमुख आधार बनेगी. इस प्रतियोगिता में प्रदर्शन के आधार पर भारतीय एथलेटिक्स टीम का चयन कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 ग्लासगो और एशियन अंडर-23 एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2026 जापान के लिए किया जाएगा.
प्रेस कॉन्फ्रेंस में SAAF के अध्यक्ष डॉ. ललित भनोट ने बताया कि रांची में आयोजित होने वाली यह प्रतियोगिता कई मायनों में ऐतिहासिक साबित होगी. उन्होंने कहा कि भारत में पहली बार किसी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में वर्ल्ड एथलेटिक्स के दिशा-निर्देशों के तहत जेंडर टेस्टिंग से जुड़ी नई व्यवस्था लागू की जा रही है. उन्होंने कहा कि वर्ल्ड एथलेटिक्स की ओर से जीन टेस्ट डीएम (DSD) नियम लागू किया गया है और भारत में इसकी शुरुआत इसी टूर्नामेंट से की जा रही है.
वर्ल्ड एथलेटिक्स की गाइडलाइन के अनुसार खिलाड़ियों के बीच पारदर्शिता और निष्पक्ष प्रतिस्पर्धा सुनिश्चित करने के लिए नई टेस्टिंग व्यवस्था लागू की जा रही है. भारत में पहली बार इस टूर्नामेंट से इसकी शुरुआत होने जा रही है. आने वाले समय में डीएनए टेस्ट की भी योजना है, जो पूरी तरह वर्ल्ड एथलेटिक्स के मानकों के अनुरूप होगी. यह भारतीय एथलेटिक्स के लिए बड़ा कदम है. -डॉ. ललित भनोट, अध्यक्ष, SAAF.
उन्होंने आगे कहा कि झारखंड में खेल का माहौल तेजी से विकसित हो रहा है और रांची राष्ट्रीय स्तर के आयोजनों के लिए लगातार बेहतर केंद्र बनती जा रही है. बिरसा मुंडा स्टेडियम की सुविधाओं और खिलाड़ियों के लिए तैयार किए गए इंफ्रास्ट्रक्चर की भी उन्होंने सराहना की.
प्रतिभा दिखाने का अवसरः तेजस्विन शंकर
इस दौरान अंतरराष्ट्रीय एथलीट तेजस्विन शंकर ने कहा कि राष्ट्रीय प्रतियोगिताएं युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का सबसे बड़ा मंच देती हैं. उन्होंने कहा कि रांची में खिलाड़ियों के लिए अच्छा माहौल तैयार किया गया है और यहां होने वाली प्रतिस्पर्धा काफी चुनौतीपूर्ण होगी.
राष्ट्रीय चैंपियनशिप हमेशा खिलाड़ियों के लिए बहुत अहम होती है. यहां देश के सर्वश्रेष्ठ एथलीट हिस्सा लेते हैं और हर खिलाड़ी का लक्ष्य भारतीय टीम में जगह बनाना होता है. रांची में सुविधाएं काफी अच्छी हैं और उम्मीद है कि यहां शानदार प्रदर्शन देखने को मिलेगा. -तेजस्विन शंकर, अंतरराष्ट्रीय एथलीट.
युवाओं को प्रेरित करेगी प्रतियोगिताः अनिमेष कुजूर
वहीं ओडिशा के अंतरराष्ट्रीय एथलीट अनिमेष कुजूर ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं देश के युवा खिलाड़ियों को प्रेरित करती हैं और एथलेटिक्स के प्रति रुचि बढ़ाती हैं.
रांची में राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता होना खिलाड़ियों के लिए बड़ी बात है. यहां युवा खिलाड़ियों को देश के शीर्ष एथलीटों को करीब से देखने और उनसे सीखने का मौका मिलेगा. ऐसे आयोजन एथलेटिक्स को और मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाते हैं. -अनिमेष कुजूर, अंतरराष्ट्रीय एथलीट.
प्रतियोगिता में दिखेगी कड़ी प्रतिस्पर्धाः जयकुमार
वहीं अंतरराष्ट्रीय एथलीट जयकुमार ने भी प्रतियोगिता को खिलाड़ियों के लिए बड़ा अवसर बताया. उन्होंने कहा कि भारतीय टीम में चयन के लिए खिलाड़ियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिलेगी और हर एथलीट अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन देने की कोशिश करेगा.
यह प्रतियोगिता सिर्फ मेडल जीतने तक सीमित नहीं है. यहां से अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए भारतीय टीम का चयन होना है, इसलिए खिलाड़ियों के बीच प्रतिस्पर्धा काफी मजबूत रहने वाली है. सभी खिलाड़ी अपना सर्वश्रेष्ठ देने के लिए तैयार हैं. -जय कुमार, अंतरराष्ट्रीय एथलीट.
खिलाड़ियों के लिए बड़ा अवसरः मधुकांत पाठक
भारतीय एथलेटिक्स महासंघ के पदाधिकारी मधुकांत पाठक ने कहा कि रांची में आयोजित हो रही 29वीं राष्ट्रीय सीनियर एथलेटिक्स फेडरेशन प्रतियोगिता भारतीय एथलेटिक्स के लिए बेहद महत्वपूर्ण है. यहां देश के शीर्ष खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं और उनका प्रदर्शन आने वाली अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए चयन का आधार बनेगा. झारखंड एथलेटिक्स संघ और राज्य सरकार की ओर से खिलाड़ियों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं. हमें उम्मीद है कि यह प्रतियोगिता सफल और यादगार साबित होगी.
मधुकांत पाठक ने कहा कि यहां पर देश भर से जुटे एथलीट कोच का सेमिनार भी होगा. जिसमें झारखंड के सभी कोच को भी ट्रेनिंग दी जाएगी. वहीं नई तकनीकों से भी अवगत कराया जाएगा. इवेंट के दौरान डोपिंग विजिलेंस की टीम भी तैनात रहेगी. नेशनल एंटी डोपिंग एजेंसी की 12 सदस्य टीम भी पहुंच चुकी है. यह टीम जगह-जगह पर तैनात रहेगी, जो इवेंट में पार्टिसिपेट करने वाले खिलाड़ियों पर नजर रखेगी. किसी भी तरह की गड़बड़ी रोकने के लिए यह कदम उठाया गया है.
खेल प्रेमियों में उत्साह का माहौल
वहीं प्रतियोगिता को लेकर राजधानी रांची में खेल प्रेमियों के बीच भी उत्साह का माहौल है. बिरसा मुंडा स्टेडियम में ट्रैक, खिलाड़ियों के ठहरने, सुरक्षा, मेडिकल सुविधा और तकनीकी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा चुका है. आयोजन समिति का दावा है कि प्रतियोगिता अंतर्राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप आयोजित की जाएगी. चार दिनों तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में ट्रैक एंड फील्ड की विभिन्न स्पर्धाओं में देश के शीर्ष एथलीट अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे. ऐसे में रांची एक बार फिर भारतीय खेल जगत के केंद्र में नजर आने वाली है.


