देवघर: जिले के स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों को पिछले तीन महीने से वेतन नहीं मिलने के कारण कर्मचारियों में भारी नाराजगी और हताशा देखी जा रही है. वेतन भुगतान लंबित रहने से कर्मचारियों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.
स्वास्थ्य कर्मियों का कहना है कि मार्च और अप्रैल का महीना खर्च के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण होता है. इसी दौरान बच्चों के स्कूल एडमिशन, फीस और पढ़ाई से जुड़े अन्य खर्च बढ़ जाते हैं. ऐसे में समय पर वेतन नहीं मिलने से कर्मचारियों की परेशानी और बढ़ गई है.
कर्मचारियों ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई के बीच परिवार चलाना मुश्किल हो रहा है. स्वास्थ्य कर्मचारियों की समस्या को देखते हुए संगठन की ओर से जिला प्रशासन से जल्द वेतन भुगतान कराने की मांग की गई है. कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द भुगतान नहीं हुआ तो आंदोलन शुरू किया जाएगा.
स्वास्थ्य संगठन के सदस्य एवं सदर अस्पताल में लैब टेक्नीशियन के रूप में कार्यरत मनोज मिश्रा ने बताया कि अगर जल्द वेतन भुगतान नहीं किया गया तो 18 मई को कर्मचारी काला बिल्ला लगाकर विरोध प्रदर्शन करेंगे. इसके बाद 19 मई को एक दिवसीय कार्य बहिष्कार किया जाएगा.
उन्होंने कहा कि यदि इसके बावजूद वेतन का भुगतान नहीं हुआ तो आगे की रणनीति बनाते हुए कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने को मजबूर होंगे.
गौरतलब है कि मई महीने में देवघर स्वास्थ्य विभाग में वेतन घोटाले से जुड़ा मामला भी सामने आया था, जिसके बाद विभागीय व्यवस्था पर सवाल उठने लगे थे. हालांकि कर्मचारियों का कहना है कि राज्य सरकार की ओर से आवंटन जारी होने के बावजूद वेतन रोका जाना उचित नहीं है. स्वास्थ्य कर्मियों ने कहा कि यदि एक सप्ताह के भीतर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन तेज किया जाएगा.


