Tuesday, May 12, 2026

पाकुड़ जिले में बीजेपी कार्यकर्ताओं ने पीने के पानी और बिजली की समस्या को लेकर आक्रोश के साथ प्रदर्शन किया.

Share

पाकुड़: भाजपा जिला कमेटी के आह्वान पर जिला मुख्यालय पर पानी और बिजली संकट दूर करने की मांग को लेकर कार्यकर्ताओं ने आक्रोशपूर्ण प्रदर्शन किया और शासन प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. बीजेपी की महिला कार्यकर्ताओं ने खाली घड़ा लेकर पाकुड़ रेलवे स्टेशन से सिदो-कान्हू मुर्मू पार्क तक आक्रोशपूर्ण किया. प्रदर्शन का नेतृत्व बीजेपी पाकुड़ जिलाध्यक्ष सरिता मुर्मू ने किया.

जनता के प्रति संवेदनहीन है सरकार: सरिता मुर्मू

प्रदर्शन में सैकड़ों की संख्या में बीजेपी कार्यकर्ताओं ने हाथ में घड़ा (मटका) और पार्टी ध्वज लेकर हेमंत सोरेन सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए पानी और बिजली संकट के शीघ्र समाधान की मांग की. जिलाध्यक्ष सरिता मुर्मू ने कहा कि झारखंड की जनता, पानी और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान है लेकिन राज्य सरकार संवेदनहीन बनी हुई है. उन्होंने आरोप लगाया कि पाकुड़ जिला सहित पूरे राज्य में बिजली कटौती और पेयजल संकट ने आम जनजीवन को प्रभावित कर दिया है.

राज्य सरकार के पास न विजन न समाधान: अनुग्रहित प्रसाद

वहीं वरिष्ठ नेता अनुग्रहित प्रसाद ने कहा कि सरकार के पास न विजन है और न ही समाधान. जनता टैक्स दे रही है लेकिन बदले में केवल परेशानी मिल रही है. भ्रष्टाचार और अव्यवस्था के कारण पूरी व्यवस्था चरमरा गई है. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार शीघ्र व्यवस्था नहीं सुधारती है तो बीजेपी पूरे राज्य में व्यापक आंदोलन करेगी.

हेमंत सरकार के कार्यकाल में राज्य के लोग बिजली और पानी की समस्या झेल रहे हैं और इसे भारतीय जनता पार्टी बर्दास्त नहीं करेगी: मिस्फीका हसन, राष्ट्रीय मंत्री, बीजेपी अल्पसंख्यक मोर्चा

राज्यपाल के नाम उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन

उन्होंने आगे कहा कि हेमंत सरकार पूर्ण रूप से विफल है और हम सभी कार्यकर्ता इसके विरोध में प्रदर्शन कर रहे हैं और यदि बिजली और पानी जैसी सुविधाएं बहाल नहीं कर पाई तो यह आंदोलन आगे और उग्र रूप लेगा. कार्यक्रम के बाद बीजेपी प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त को राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपते हुए अविलंब बिजली और जलापूर्ति व्यवस्था सुधारने की मांग की.

Read more

Local News