टेक दिग्गज Google ने अपने Google Wallet में डिजिटल ID फ़ीचर्स का विस्तार किया है, और भारत में यूज़र्स के लिए Aadhar-आधारित पहचान का सपोर्ट जोड़ रहा है. Google Blog ने इसके बारे जानकारी दी है कि इस अपडेट से यूज़र्स अपनी डिजिटल ID सीधे अपने फ़ोन पर स्टोर और इस्तेमाल कर सकते हैं.
इससे यूजर्स फ़िज़िकल डॉक्यूमेंट्स साथ रखने की ज़रूरत से मुक्ति पा जाता है. बता दें कि Google ने भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) के साथ पार्टनरशिप की है, जिससे यूज़र्स Google Wallet में स्टोर किए गए वेरिफ़ाइएबल क्रेडेंशियल्स का इस्तेमाल करके रोज़मर्रा के कामों के लिए अपनी पहचान वेरिफ़ाई कर सकें.
क्या है Google Wallet
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि Google Wallet एक मोबाइल ऐप है, जिसकी मदद से यूजर्स रोज़मर्रा की चीज़ों के असली रूप को साथ रखने के बजाय, उनके डिजिटल वर्जन को अपने फ़ोन में स्टोर करके इस्तेमाल कर सकते हैं. इसमें यूजर्स पेमेंट के लिए डेबिट और क्रेडिट कार्ड की जानकारी, यात्रा के टिकट, फ़िल्मों के टिकट और ऐसी ही कई दूसरी चीज़ें भी स्टोर कर सकते हैं.
Google का कहना है कि Wallet ऑथेंटिकेशन अभी कुछ चुनिंदा पार्टनर्स के साथ काम करता है, जिनमें ये शामिल हैं:
- उम्र की पुष्टि के लिए PVR INOX
- प्रोफ़ाइल की पुष्टि के लिए BharatMatrimony
- इंटरनेशनल वीज़ा एप्लीकेशन को अपने-आप भरने के लिए Atlys
Google, Mygate के लिए भी सपोर्ट जोड़ने पर काम कर रहा है, ताकि डिलीवरी और सर्विस स्टाफ़ की सुरक्षित रूप से पुष्टि की जा सके. साथ ही, गिग इकॉनमी सर्विस प्रोवाइडर्स के लिए Snabbit का सपोर्ट भी जोड़ा जा रहा है.
Google Wallet में आधार कार्ड कैसे जोड़ें
आप आधिकारिक Aadhaar ऐप या Google Wallet ऐप का इस्तेमाल करके Google Wallet में अपना Aadhaar Card जोड़ सकते हैं. अगर आपके फ़ोन पर Aadhaar Card ऐप पहले से इंस्टॉल है, तो ऐप खोलें, पक्का करें कि आपने साइन इन किया हुआ है.
इसके बाद, अपनी पहचान वेरिफ़ाई करें, ‘Add to Wallet’ पर टैप करें, ‘Google Wallet’ चुनें, और ‘Continue’ पर टैप कर दें. अब, Wallet में Aadhaar जोड़ने के लिए स्क्रीन पर दिए गए निर्देशों का पालन करें.
इसके अलावा, आप Google Wallet ऐप खोलकर ‘+’ आइकन पर टैप कर सकते हैं, और फिर Aadhaar पर टैप कर सकते हैं. अगर आपके पास Aadhaar ऐप पहले से है, तो आपको Play Store पर रीडायरेक्ट कर दिया जाएगा, नहीं तो, आपको Play Store पर ले जाया जाएगा, जहां आपको ऐप इंस्टॉल करके साइन इन करना होगा. यह स्टेप पूरा होने के बाद, Google Wallet में Aadhaar जोड़ने का ऑप्शन चुनें. ध्यान दें कि इस फ़ीचर का इस्तेमाल करने के लिए आपके पास Android 9 या उससे नया वर्जन होना ज़रूरी है.
सेक्योरिटी और ID मैनेजमेंट
Google का कहना है कि आपकी डिजिटल ID एन्क्रिप्टेड होती है और Google Wallet में डिवाइस पर ही लोकल रूप से सेव रहती है, जिससे यह ज़्यादा सुरक्षित होती है. आप Google Wallet में अपना आधार कार्ड देख सकते हैं. इसके लिए आपको स्क्रॉल करके ID ढूंढनी होगी, उस पर टैप करना होगा और डिवाइस को ऑथेंटिकेट करना होगा. आधार कार्ड को हटाना भी काफी आसान है.
इसके लिए यूज़र्स बस Google Wallet ऐप खोलकर, आधार कार्ड पर टैप कर सकते हैं, और फिर More > Remove > Confirm पर टैप कर सकते हैं. आप myaccount.google.com पर जाकर भी इसे दूर से हटा सकते हैं. इसके लिए आपको Security & sign in > Manage IDs > Aadhaar card > Delete > Confirm पर टैप करना होगा.
Google Wallet में आधार वेरिफ़ाइएबल क्रेडेंशियल्स जोड़ने के अलावा, इस टेक दिग्गज ने डिजिटल ID फ़ीचर को और भी देशों में विस्तार करने की घोषणा की है. सिंगापुर, ताइवान और ब्राज़ील के लोग अब अपने पासपोर्ट की जानकारी के आधार पर एक ID पास बना सकते हैं, जिससे यूज़र्स व्यक्तिगत और ऑनलाइन सेवाओं के लिए अपनी पहचान और उम्र वेरिफ़ाई कर सकेंगे.


