Tuesday, April 28, 2026

श्रेयस अय्यर ने अपनी बल्लेबाजी में किए गए सुधार के बारे में खुलकर बात की.

Share

 पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर ने बताया कि शॉर्ट गेंदों के खिलाफ उनकी कमजोरी को लेकर हुई आलोचना उनके लिए प्रेरणा का एक बड़ा जरिया बन गई. जिसने IPL 2026 के दौरान एक बल्लेबाज के तौर पर उनकी सोच और खेलने के तरीके, दोनों को आकार दिया. अय्यर ने माना कि शॉर्ट गेंदों को संभालने की उनकी काबिलियत पर उठाए गए सवालों ने उन्हें और ज्यादा मेहनत करने और अपने खेल को बेहतर बनाने के लिए प्रेरित किया.

शॉर्ट-बॉल खेलने की समस्या
अय्यर ने जियोस्टार को बताया, ‘लोगों ने कहा था कि मैं अपनी शॉर्ट-बॉल की समस्या कभी ठीक नहीं कर पाऊंगा. यही बात मुझे ट्रीगर कर गई, जिसके बाद मैंने ठान लिया की अच्छा प्रदर्शन करके उन्हें गलत साबित करना है. इसलिए, मैंने इस पर कड़ी मेहनत की.’

अय्यर ने कहा, ‘पहले, मैं शॉर्ट गेंद पर बस एक रन लेता था या गेंद को नीचे रखने की कोशिश करता था. लेकिन अब मेरी सोच बदल गई है और अगर मुझे अपनी रेंज में कोई शॉर्ट गेंद दिखती है, तो मैं उसे छक्के के लिए मारता हूं. मैं प्रवीण आमरे के साथ काम करता हूं. मैं बचपन से ही उनके साथ हूं. मैं अभिषेक नायर जैसे कोचों से भी बात करता हूं. हम आपस में विचार साझा करते हैं,’

प्रैक्टिस में 50 ओवर
अय्यर ने आगे कहा, ‘अपनी बैटिंग प्रैक्टिस के दौरान, अब मैं लगभग 50 ओवर खेलने और 300 से ज्यादा गेंदों का सामना करने की कोशिश करता हूं. इससे मुझे यह समझने में मदद मिलती है कि मेरे लिए क्या सही काम करता है. मैं किसी तय पैटर्न का पालन नहीं करता. मैं पिच पर खुद को ज्यादा समय देता हूं और असली गेंदबाजों का सामना करता हूं, न कि सिर्फ साइडआर्म थ्रो का. मैं जितने ज्यादा गेंदबाजों का सामना करता हूं, मेरा मूवमेंट उतना ही साफ होता जाता है.’

मुझे ऐसी बातें सुनना बिल्कुल पसंद नहीं
तकनीकी बदलावों के अलावा, अय्यर ने मानसिक मजबूती के महत्व पर भी जोर दिया. अय्यर ने कहा, ‘मेरे आस-पास कुछ ऐसे लोग हैं जो कहते हैं कि ऐसी स्थिति (चोटिल होने के बाद) में तुम यह नहीं कर सकते. यह नामुमकिन है. मुझे ऐसी बातें सुनना बिल्कुल पसंद नहीं है. एक क्रिकेटर के तौर पर, जो खेल के सबसे ऊंचे स्तर पर खेल रहा हो, मैं ऐसी बातें बिल्कुल भी स्वीकार नहीं कर सकता. तब मैं अपने मन में यह तय कर लिया कि मुझे उन्हें गलत साबित करना है. मेरे सामने चुनौती यह होती है कि मैं इस मुश्किल स्थिति में फंस गया था, अब मैं और ज्यादा मजबूत बनकर वापसी कैसे कर सकता हूं?’

मैंने खुद से पूछा
अय्यर ने कहा, ‘मैं खुद पर और ज्यादा जोर डालता हूं और उन्हें गलत साबित करने के लिए जल्द से जल्द मैदान पर लौटने की कोशिश करता हूं. यही सोच मुझे लगातार आगे बढ़ने की हिम्मत देती है, खासकर चोट लगने के बाद. जब मुझे पीठ में चोट लगी थी, तो कुछ लोगों ने कहा था कि मैं अब कभी भी पहले जैसा नहीं बन पाऊंगा. मैंने खुद से पूछा, ‘मैं पहले जैसा क्यों नहीं बन सकता?’ चोट लगने के बाद आप अपनी सोच को किस तरह ढालते हैं, यह बहुत मायने रखता है. आप खुद तय करते हैं कि आपको किस चीज पर ध्यान देना है और किस चीज को नजरअंदाज करना है.’

IPL 2026 में अय्यर का शानदार प्रदर्शन
29 वर्षीय अय्यर का बदला हुआ रूप इस सीजन में पंजाब किंग्स के शानदार प्रदर्शन में साफ नजर आया है. उनकी आक्रामक सोच और तेज गेंदबाजी के सामने बेहतर नियंत्रण ने टीम की लगातार जीत में अहम भूमिका निभाई है. पंजाब अभी IPL 2026 की पॉइंट्स टेबल में 7 मैचों में 13 पॉइंट्स के साथ सबसे ऊपर है, और इस टूर्नामेंट की सबसे संतुलित टीमों में से एक बनकर उभरी है.

दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ उनकी हालिया जीत ने उनकी बल्लेबाजी की ताकत का बेहतरीन नमूना पेश किया. उन्होंने 265 रनों का रिकॉर्ड लक्ष्य सफलतापूर्वक हासिल किया, जो टी20 क्रिकेट में अब तक का सबसे बड़ा सफल चेज है. अय्यर ने उस मैच में 36 गेंदों में 76 रनों की जबरदस्त पारी खेलकर टीम को जीत दिलाई थी.

पंजाब पिछले सीजन में उपविजेता रही थी. इस सीजन भी टीम ने अपनी उस लय को बरकरार रखा है. अब इस टीम के नाम IPL के इतिहास में एक अनोखा रिकॉर्ड दर्ज हो गया है, यह पहली ऐसी टीम बन गई है जिसने टूर्नामेंट के शुरुआती सात मैचों में ही 12 से ज्यादा पॉइंट्स हासिल कर लिए हैं

Read more

Local News