Tuesday, May 5, 2026

माइथोस एआई मॉडल की अनधिकृत पहुंच ने यह साबित कर दिया है कि एडवांस्ड टेक्नोलॉजी के साथ सुरक्षा चुनौतियां भी तेजी से बढ़ रही हैं.

Share

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के तेजी से बढ़ते उपयोग के बीच अब इसकी सुरक्षा को लेकर भी काफी गंभीर सवाल उठने लगे हैं. हाल ही में एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि एंथ्रोपिक का एडवांस्ड साइबर सिक्योरिटी एआई मॉडल “Mythos” अनधिकृत लोगों (गलत लोग) के हाथों में पहुंच गया है. यह मामला इसलिए भी अहम है क्योंकि इस मॉडल को बेहद संवेदनशील और शक्तिशाली टूल के रूप में विकसित किया गया था.

Mythos को कंपनी ने खासतौर पर साइबर सिक्योरिटी के लिए तैयार किया है, जो बड़े ऑपरेटिंग सिस्टम और वेब ब्राउज़र में खामियों की पहचान कर सकता है. इसे सार्वजनिक रूप से लॉन्च नहीं किया गया था, बल्कि सीमित कंपनियों को “Project Glasswing” के तहत टेस्टिंग के लिए एक्सेस दिया गया था. कंपनी ने पहले भी चेतावनी दी थी कि इस टूल का गलत इस्तेमाल भी किया जा सकता है.

अनधिकृत यूजर्स को कैसे मिला एक्सेस?

रिपोर्ट के अनुसार, कुछ अनधिकृत यूजर्स ने इस मॉडल तक एक्सेस बनाने के लिए कई तरीकों का इस्तेमाल किया. बताया जा रहा है कि एक थर्ड-पार्टी कॉन्ट्रैक्टर के एक्सेस का फायदा उठाकर यह ग्रुप Mythos तक पहुंचा. इसके अलावा, इंटरनेट पर उपलब्ध जांच-पड़ताल के टूल्स और हाल ही में हुए Mercor डेटा ब्रीच से मिली जानकारी का यूज़ करके, उन्होंने मॉडल के ऑनलाइन लोकेशन का अनुमान लगाया.

जानकारी के मुताबिक, यह ग्रुप एक प्राइवेट Discord चैनल से जुड़ा हुआ है, जहां अनरिलीज्ड एआई मॉडल्स की जानकारी खोजी जाती है. रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि इस ग्रुप के पास एंथ्रोपिक के अन्य अनरिलीज़्ड मॉडल्स तक भी एक्सेस हो सकती है. हालांकि, उन्होंने फिलहाल Mythos का यूज़ साइबर सिक्योरिटी वर्क्स में नहीं किया है, ताकि वे पकड़े ना जाएं.

हालांकि, यहां गौर करने वाली बात है कि यह एक्सेस 7 अप्रैल को उसी दिन हुआ, जब Mythos को सीमित कंपनियों के लिए जारी किया गया था. इस टेस्टिंग प्रोग्राम में Apple, Google, Microsoft, Nvidia और Amazon Web Services जैसी बड़ी कंपनियां शामिल थीं. इस मामले पर रिएक्शन देते हुए एंथ्रोपिक ने कहा है कि वो इस अनऑथोराइज्ड एक्सेस की जांच कर रहे हैं. कंपनी के मुताबिक, अभी तक ऐसा कोई सबूत नहीं मिला है, जिससे यह साबित हो सके कि इस घटना का असर उनके सिस्टम्स पर पड़ा हो यह थर्ड-पार्टी एनवायरनमेंट से बाहर गया हो.

Read more

Local News