रांची: राजधानी रांची को अतिक्रमण मुक्त और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से रांची नगर निगम द्वारा चलाया जा रहा अभियान बुधवार को भी जारी रहा. निगम की इंफोर्समेंट टीम ने हरमू रोड सहित शहर के कई प्रमुख इलाकों में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया. इस दौरान निगम की टीम को कुछ स्थानों पर स्थानीय दुकानदारों के विरोध का भी सामना करना पड़ा, जिससे कुछ देर के लिए माहौल तनावपूर्ण रहा. हालांकि स्थिति को नियंत्रित करते हुए प्रशासन ने काम जारी रखा.
निगमकर्मियों की नोकझोंक
जानकारी के अनुसार, हरमू रोड पर अभियान के दौरान कुछ दुकानदारों और निगम कर्मियों के बीच हल्की नोकझोंक भी हुई. स्थानीय लोगों ने कार्रवाई का विरोध किया लेकिन नगर निगम की टीम ने पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में अभियान को जारी रखते हुए अतिक्रमण हटाने का काम पूरा किया.
सड़कों के किनारे से हटाया गया अतिक्रमण
अभियान के दौरान सड़कों के किनारे लगाए गए ठेले-खोमचे, गुमटी और नालियों के ऊपर बनाए गए अवैध अस्थाई ढांचों को हटाया गया. टीम ने कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में सामान भी जब्त किया. हरमू रोड से कैरेट, बांस-बल्ली समेत अन्य सामग्री जब्त की गई.
अभियान के दौरान सामग्री जब्त
वहीं कचहरी क्षेत्र में सड़क किनारे अतिक्रमण कर डाभ (नारियल पानी) बेचने वालों को हटाया गया. इस दौरान एक ड्रम, दो लकड़ी की टेबल, एक बेंच, पांच प्लास्टिक कुर्सियां और दो आयरन फ्रेम सहित अन्य सामग्री जब्त की गई. इसके अलावा महात्मा गांधी रोड पर भी निगम की टीम पहुंची, यहां घंटों मशक्कत के बाद अतिक्रमण हटाया गया.
अतिक्रमण के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित
नगर निगम के अधिकारियों का कहना है कि शहर में बढ़ते अतिक्रमण के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है, जिससे आम लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है. ऐसे में अभियान चलाकर सड़कों को अतिक्रमण मुक्त करना जरूरी हो गया है.
नियमों का उल्लंघन ना करें
नगर निगम ने सभी अतिक्रमणकारियों को सख्त निर्देश दिया है कि वे भविष्य में दोबारा सड़क या सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण न करें. इसके साथ ही यह भी चेतावनी दी गई है कि नियमों का उल्लंघन करने पर आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई की जाएगी.
शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए यह अभियान लगातार चलाया जा रहा है. कुछ स्थानों पर विरोध जरूर हुआ लेकिन जिला प्रशासन की प्राथमिकता शहर को व्यवस्थित करना है. हम सख्ती के साथ इस अभियान को जारी रखेंगे और अतिक्रमण पूरी तरह हटाकर ही दम लेंगे: गौतम प्रसाद साहू, पदाधिकारी, रांची नगर निगम


