Tuesday, November 24, 2026

वरिष्ठ IAS अधिकारी को वरीयता के अनुसार पोस्टिंग नहीं देना अनुचित, झारखंड हाईकोर्ट ने सरकार को दिया 6 सप्ताह का समय

Share

रांची | 24 नवंबर 2026

झारखंड हाईकोर्ट ने वरिष्ठ आईएएस अधिकारी पवन कुमार मंडल को उनकी वरीयता के अनुरूप पदस्थापन नहीं देने पर राज्य सरकार के फैसले को मनमाना और अनुचित करार दिया है। न्यायमूर्ति दीपक रोशन की अदालत ने सरकार को निर्देश दिया है कि वह छह सप्ताह के भीतर पवन कुमार मंडल को अपर सचिव (एडिशनल सेक्रेटरी) या इसके समकक्ष पद पर पदस्थापित करे।

कनिष्ठ अधिकारियों को मिल गई थी अपर सचिव की जिम्मेदारी

मामले की सुनवाई के दौरान अदालत के सामने आया कि पवन कुमार मंडल झारखंड प्रशासनिक सेवा (जेएएस) से प्रोन्नत होकर आईएएस बने हैं। केंद्र सरकार की अधिसूचना के तहत उन्हें 2014 बैच आवंटित किया गया था।

इसके बावजूद राज्य सरकार ने उन्हें महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग में संयुक्त सचिव के पद पर ही बनाए रखा। दूसरी ओर, उनसे कनिष्ठ 2015 बैच के प्रोन्नत आईएएस अधिकारियों को अपर सचिव के पद पर पदस्थापित कर दिया गया था।

संपत्ति विवरण ऑनलाइन जमा नहीं करने का दिया गया तर्क

राज्य सरकार की ओर से अदालत में दलील दी गई कि पवन कुमार मंडल ने वर्ष 2025 का वार्षिक अचल संपत्ति विवरण जनवरी 2026 की निर्धारित समय-सीमा के भीतर ऑनलाइन जमा नहीं किया था। इसी वजह से उन्हें अपर सचिव के पद पर पदस्थापित नहीं किया गया।

वहीं, याचिकाकर्ता की ओर से अधिवक्ता सौरभ शेखर ने बताया कि संपत्ति विवरण की हार्ड कॉपी संबंधित विभाग में जमा कर दी गई थी। उन्होंने दलील दी कि केंद्र सरकार से आईएएस में प्रोन्नति और 2014 बैच आवंटित होने के बाद अधिकारी को वरीयता के अनुरूप पदस्थापन से वंचित रखना उचित नहीं है।

हाईकोर्ट ने कहा- मामला प्रोन्नति का नहीं, पदस्थापन का है

दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद हाईकोर्ट ने स्पष्ट किया कि यह मामला अधिकारी की प्रोन्नति से संबंधित नहीं, बल्कि पदस्थापन का है।

अदालत ने कहा कि सरकार की ओर से पेश किए गए नियमों या परिपत्रों में ऐसा कोई प्रावधान नहीं है, जिसके तहत ऑनलाइन संपत्ति विवरण जमा नहीं करने के कारण किसी प्रोन्नत अधिकारी को उसकी वरीयता के अनुरूप पद से वंचित रखा जा सके।

जनवरी 2027 में सेवानिवृत्त होंगे पवन कुमार मंडल

अदालत ने इस तथ्य को भी ध्यान में रखा कि पवन कुमार मंडल जनवरी 2027 में सेवानिवृत्त होने वाले हैं। ऐसे में हाईकोर्ट ने राज्य सरकार को छह सप्ताह के भीतर पदस्थापन से जुड़ी प्रक्रिया पूरी करने और उन्हें अपर सचिव या समकक्ष पद पर नियुक्त करने का निर्देश दिया है।

Read more

Local News