Wednesday, March 18, 2026

धनबाद नगर निगम के मेयर, डिप्टी मेयर और पार्षदों ने पद की शपथ ली.

Share

धनबाद: नगर सरकार के गठन की प्रक्रिया पूरी हो गई है. शपथ ग्रहण के बाद अब डिप्टी मेयर और उपाध्यक्ष पद पर भी नए प्रतिनिधियों का चयन कर लिया गया है. बुधवार को धनबाद समाहरणालय में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में नगर निगम के मेयर संजीव सिंह सहित सभी 55 वार्ड पार्षदों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली.

इसी के साथ नगर निगम बोर्ड का औपचारिक गठन हो गया. वहीं चिरकुंडा नगर परिषद में भी अध्यक्ष और 21 पार्षदों ने शपथ ली, जिसके बाद वहां भी नगर सरकार पूरी तरह सक्रिय हो गई. शपथ ग्रहण के तुरंत बाद धनबाद नगर निगम में डिप्टी मेयर पद के लिए मतदान कराया गया. इस चुनाव में अरुण चौहान को भारी बहुमत मिला. 55 में से 50 पार्षदों के समर्थन के साथ वे डिप्टी मेयर निर्वाचित हुए.

दूसरी ओर चिरकुंडा नगर परिषद में उपाध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव में विजय यादव को पार्षदों ने अपना समर्थन देते हुए उपाध्यक्ष चुना. धनबाद नगर निगम के नवनिर्वाचित डिप्टी मेयर अरुण चौहान ने सभी पार्षदों और शहरवासियों का आभार जताते हुए कहा कि वे धनबाद के विकास और बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए पूरी ईमानदारी से काम करेंगे.

मेयर संजीव सिंह ने कहा कि जनता के भरोसे के साथ-साथ पार्षदों का समर्थन भी मिला है. अब पूरी टीम मिलकर शहर के विकास और जनसमस्याओं के समाधान की दिशा में काम करेगी.

Read more

Local News